ओमवती देवी इण्टर कॉलेज में बाल-विवाह के खिलाफ शपथ : पूर्व पालिका अध्यक्ष पं. आशीष शर्मा ने छात्र-छात्राओं को दिलाई शपथ

हाथरस। जनपद में बाल-विवाह जैसी सामाजिक कुरीति को जड़ से समाप्त करने के उद्देश्य से एक्सीलेंट सिविल एकेडमी ट्रस्ट द्वारा व्यापक स्तर पर बाल-विवाह मुक्त भारत अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में स्थानीय किला गेट स्थित श्रीमती ओमवती देवी इण्टर कॉलेज में बाल-विवाह के खिलाफ शपथ कार्यक्रम का भव्य एवं प्रेरणादायी आयोजन किया गया।


​कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि पूर्व पालिका अध्यक्ष पं. आशीष शर्मा उपस्थित थे। उन्होंने विद्यालय के छात्र-छात्राओं, शिक्षकों एवं नागरिकों को बाल-विवाह का पुरजोर विरोध करने तथा समाज में इसके प्रति जागरूकता फैलाने की सामूहिक शपथ दिलाई।कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि पं. आशीष शर्मा ने कहा कि बाल-विवाह न केवल कानूनन अपराध है, बल्कि यह मासूम बच्चों के सुनहरे भविष्य, शिक्षा और उनके स्वास्थ्य के साथ भी बड़ा अन्याय है। उन्होंने कहा कि जब तक समाज से यह कुप्रथा पूरी तरह समाप्त नहीं होगी, तब तक एक सशक्त और आत्मनिर्भर राष्ट्र की कल्पना अधूरी है। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे अपने आसपास कहीं भी बाल-विवाह जैसी घटना देखें तो तुरंत उसका विरोध करें और प्रशासन को सूचित करें।

इस अवसर पर एक्सीलेंट सिविल एकेडमी ट्रस्ट के डायरेक्टर डोरीलाल ने विद्यार्थियों और स्थानीय नागरिकों को संबोधित करते हुए कहा कि ट्रस्ट पूरे जनपद को बाल-विवाह मुक्त बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। यह अभियान हर गांव, कस्बे और शिक्षण संस्थान तक पहुंचाया जाएगा ताकि कोई भी बच्चा अपने अधिकारों से वंचित न रहे।

​समारोह में विद्यालय के समस्त शिक्षक, शिक्षिकाएं, कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं एवं स्थानीय नागरिक मौजूद थे। सभी ने एक स्वर में बाल-विवाह के खिलाफ आवाज उठाने और अभियान को सफल बनाने का संकल्प लिया।

Dainik Lalsa
Author: Dainik Lalsa

Leave a Comment