1600वें दिन में पहुंची निस्वार्थ सेवा संस्थान की मूक पशु सेवा यात्रा

हाथरस। निस्वार्थ सेवा संस्थान द्वारा मूक पशुओं की सेवा के लिए शुरू की गई निरंतर सेवा यात्रा अपने 1600वें दिन में प्रवेश कर गई। इस विशेष अवसर पर संस्थान के सदस्यों ने प्रातःकाल अलीगढ़ रोड स्थित नवग्रह मंदिर की गौशाला में पहुंचकर सेवा कार्य किया। इस दौरान गायों के लिए ताजी एवं पौष्टिक हरी सब्जियों तथा फलों की व्यवस्था की गई और उन्हें गायों को खिलाया गया।

सेवा यात्रा के अंतर्गत संस्थान के सदस्य सुबह एकजुट होकर सब्जी मंडी पहुंचे, जहां से गायों के लिए विभिन्न प्रकार की ताजी हरी सब्जियां एवं मौसमी फलों की खरीद की गई। इसके बाद अलीगढ़ रोड स्थित नवग्रह मंदिर की गौशाला में पहुंचकर ताजी सब्जियां एवं फल गायों को खिलाए गए।संस्था के अध्यक्ष सुनील अग्रवाल ने कहा कि मूक पशु अपनी आवश्यकताओं को शब्दों में व्यक्त नहीं कर सकते। ऐसे में उनकी सेवा और देखभाल करना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। जीवदया और सेवा की भावना को निरंतर आगे बढ़ाना ही संस्थान का उद्देश्य है।।
निस्वार्थ सेवा संस्थान की पिछले 1600 दिनों से जारी यह सेवा यात्रा सेवा, संवेदना और जीवदया की भावना को समर्पित है। संस्थान के सदस्यों का प्रयास रहता है कि नियमित रूप से गौशालाओं में पहुंचकर पशुओं के लिए हरे चारे, ताजी सब्जियों, फलों एवं आवश्यक खाद्य सामग्री की व्यवस्था की जाए।

संस्था के मूक पशु सेवा इंचार्ज सीए प्रतीक अग्रवाल ने कहा कि मूक पशुओं की सेवा मानवता की सच्ची पहचान है। प्रत्येक व्यक्ति को अपनी क्षमता के अनुसार जीव सेवा में योगदान देना चाहिए। उन्होंने कहा कि 1600 दिनों की नियमित सेवा पूर्ण होना संस्थान के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि के साथ-साथ आगे भी निरंतर सेवा करते रहने का संकल्प है। संस्थान भविष्य में भी इसी समर्पण और निरंतरता के साथ मूक पशुओं की सेवा करता रहेगा।।

इस अवसर पर संस्था के अध्यक्ष सुनील अग्रवाल, सचिव नीरज गोयल, कोषाध्यक्ष एवं मीडिया प्रभारी सीए प्रतीक अग्रवाल, प्रवक्ता हिमांशु गौड़, सतेंद्र मोहन, अवधेश कुमार बंटी, दीपांशु वार्ष्णेय, यश वार्ष्णेय, ओम प्रकाश वर्मा आदि उपस्थित थे।

Dainik Lalsa
Author: Dainik Lalsa

Leave a Comment