त्यौहारों पर कानून व्यवस्था सुदृढ़, मिलावट व अवैध मदिरा बिक्री पर लगायें रोक-डीएम अतुल वत्स

हाथरस। जिलाधिकारी अतुल वत्स ने पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा के साथ आगामी त्योहारों के दृष्टिगत जनपद में कानून व्यवस्था सुदृढ़ बनाए रखने, अभियोजन कार्यों तथा नार्काे कोआर्डिनेशन सेंटर मैकेनिज्म समिति से संबंधित कार्यों की समीक्षा हेतु बैठक कलेक्ट्रेट सभागार में करते हुए आवश्यक दिशा निर्देश दिए।
बैठक में जिलाधिकारी ने शासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के अनुपालन में आगामी रक्षाबंधन पर्व के दौरान महिलाओं की सुरक्षा को लेकर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि महिलाओं एवं आमजन की सुरक्षा सर्वाेच्च प्राथमिकता है। साथ ही, त्योहार के अवसर पर निःशुल्क यात्रा के संबंध में शासन द्वारा दिए गए निर्देशों का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित किया जाए। जिलाधिकारी ने थाना एवं तहसीलवार आगामी त्योहारों को लेकर की गई तैयारियों की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को सतत निगरानी बनाए रखने के निर्देश दिए, ताकि त्योहारों के दौरान आमजन को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। उन्होंने संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने तथा कानून व्यवस्था से संबंधित प्रत्येक गतिविधि पर प्रभावी निगरानी रखने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग को निर्देशित करते हुए कहा कि त्योहारों के दृष्टिगत जनपद में लगातार सघन जांच अभियान चलाया जाए। खाद्य पदार्थों के नमूने लेकर उनकी नियमित जांच कराई जाए तथा मिलावट पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्यवाही सुनिश्चित की जाए, जिससे आमजन को गुणवत्तापूर्ण एवं सुरक्षित खाद्य पदार्थ उपलब्ध हो सकें।।   जिलाधिकारी ने जिला आबकारी अधिकारी को अवैध मदिरा की बिक्री एवं सेवन पर प्रभावी रोक लगाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखी जाए तथा अवैध शराब के निर्माण, परिवहन एवं बिक्री में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध अभियान चलाकर कठोर कार्यवाही की जाए। उन्होंने सभी संबंधित विभागीय अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए शासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने कहा कि सभी अधिकारी अपने-अपने दायित्वों का पूरी गंभीरता एवं जिम्मेदारी के साथ निर्वहन करें, जिससे जनपद में कानून व्यवस्था सुदृढ़ बनी रहे तथा आमजन को सुरक्षित एवं स्वच्छ वातावरण उपलब्ध कराया जा सके।
बैठक के दौरान प्रभागीय वनाधिकारी, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व, अपर जिलाधिकारी न्यायिक, अपर पुलिस अधीक्षक, समस्त उप जिलाधिकारी, प्रभारी अधिकारी कलेक्ट्रेट, क्षेत्राधिकारी पुलिस, सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग, प्रभारी अधिकारी एनएचएआई सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।
Dainik Lalsa
Author: Dainik Lalsa

Leave a Comment