हाथरस-24 अगस्त। श्रावण मास के अंतिम सोमवार को कांवड़ लेकर जनपद से होकर गुजरने वाले कांवड़ श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं सुविधाओं के दृष्टिगत जिलाधिकारी अतुल वत्स ने पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा के साथ प्रमुख कांवड़ मार्ग हाथरस-अलीगढ़ का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कांवड़ मार्ग पर श्रद्धालुओं के आवागमन, सुरक्षा, स्वास्थ्य एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

भ्रमण के दौरान जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने गंगा जल लेकर जा रहे कांवड़ियों से संवाद स्थापित कर उनकी यात्रा के संबंध में जानकारी प्राप्त की। कांवड़ियों ने बताया कि वे 51 किलोग्राम की कांवड़ लेकर अपने गंतव्य की ओर जा रहे हैं। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने रुहेरी कट, हाथरस बाईपास स्थित स्वास्थ्य कैंप एवं कांवड़ शिविर का निरीक्षण किया। उन्होंने स्वास्थ्य कैंप में उपलब्ध दवाओं एवं अन्य आवश्यक स्वास्थ्य सुविधाओं की जानकारी प्राप्त की तथा श्रद्धालुओं को आवश्यकता पड़ने पर तत्काल चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कांवड़ यात्रियों की सुविधा एवं सुरक्षा में किसी प्रकार की कमी नहीं रहनी चाहिए तथा सभी संबंधित अधिकारी अपने-अपने दायित्वों का गंभीरता से निर्वहन करें।

इसके पश्चात जिलाधिकारी ने रुहेरी स्थित मंदिर वनखंडी देव महाराज पहुंचकर श्रद्धालुओं के लिए की गई व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने विधि-विधान पूर्वक पूजा-अर्चना कर प्रसाद ग्रहण किया तथा जनपद एवं जनपदवासियों की सुख-समृद्धि एवं मंगलकामना की।जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को कांवड़ मार्ग पर साफ-सफाई, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, चिकित्सा सुविधा एवं सुरक्षा व्यवस्था को निरंतर प्रभावी बनाए रखने के निर्देश दिए, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व, उप जिलाधिकारी सदर, क्षेत्राधिकारी पुलिस सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।









