ग्राहक को सामान बेचने को लेकर दो पक्षों में हुए विवाद में रिपोर्ट दर्ज

सिकंदराराऊ । जीटी रोड स्थित एचडीएफसी बैंक के निकट मंगलवार को सुबह ग्राहक को सामान बेचने को लेकर दो पक्षों में हुए विवाद में एक पक्ष ने तीन नामजद आरोपियों एवं 10- 12 अज्ञात लोगो के विरुद्ध कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई है।

दिलीप गोईका पुत्र जगदीश प्रसाद निवासी मोहल्ला हुरमतगंज थाना सिकंदराराऊ ने दर्ज कराई रिपोर्ट में उल्लेख किया है कि उसकी जी टी रोड स्थित एचडीएफसी बैंक के निकट लोहे एवं फर्नीचर की दुकान है। गत 20 जनवरी की सुबह साढ़े दस बजे करीब वह अपनी दुकान पर बैठा हुआ था । तभी एक ग्राहक दुकान पर आया और उसने लोहे का गेट मांगा । इस दौरान पीड़ित के पड़ोसी अजीम पुत्र फरीद अहमद निवासी मोहल्ला नौखेल ने ग्राहक को दुकान से बुला लिया । पीड़ित ने जब इसका विरोध किया तो आरोपी गाली गलौज करने लगा। आरोपी अजीम ने अपने साथी रहीसपुत्र फरीद अहमद निवासी मोहल्ला नौखेल, समीर पुत्र शान मोहम्मद निवासी मोहल्ला शहाबुद्दीनगंज एवं 10 -12 अज्ञात लोगों के साथ मिलकर पीड़ित व उसके पुत्र रोहित पर लाठी डंडों, लोहे की रॉड आदि से हमला कर दिया। छोटे पुत्र को बचाने आए अमर पुत्र खेमकरन निवासी मोहल्ला हुरमतगंज को भी नामजदो ने मारपीट कर घायल कर दिया।

घटना में अमर, दिलीप, रोहित और बिट्टू घायल हो गए। सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया । जहां से चिकित्सकों द्वारा प्राथमिक उपचार के बाद रोहित को हालत नाजुक होने पर अलीगढ़ रेफर कर दिया गया। रिपोर्ट दर्ज होने के बाद पुलिस ने मामले में विवेचना शुरू कर दी है।

Dainik Lalsa
Author: Dainik Lalsa

Leave a Comment