80 वाँ आजादी का महापर्व हर्षोल्लास के साथ मनाया तिरंगे के लहरते ही पूरा वातावरण देशभक्ति के रंग में रंगा

राष्ट्र की एकता, अखंडता और संप्रभुता की दिलाई शपथ अमर शहीदों और स्वतंत्रता सेनानियों को श्रद्धापूर्वक किया याद जगह – जगह आयोजित हुए सांस्कृतिक कार्यक्रम


सिकंदराराऊ । कस्बा व ग्रामीण क्षेत्र में शनिवार को 80 वाँ आजादी का महापर्व हर्षोल्लास एवं देशभक्ति के साथ मनाया गया। इस महापर्व के चलते जगह – जगह सांस्कृतित कार्यक्रम भी आयोजित किए गए। तहसील मुख्यायल पर उपजिलाधिकारी धर्मेंद्र सिंह चौहान ने ध्वजारोहण किया। इस मौके पर तहसीलदार लक्ष्मीकांत वाजपेई ,नायब तहसीलदार समेत तहसील के कर्मचारी भी मौजूद रहे । पुलिस क्षेत्राधिकारी कार्यालय पर पुलिस उपाधीक्षक अमित पाठक ने झंडा फहराया । विकास खण्ड कार्यालय पर खण्ड विकास अधिकारी ने झंडा फहराया। सब रजिस्ट्रार कार्यालय पर सब रजिस्ट्रार ने ध्वजारोहण किया । कोतवाली पर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक शिवकुमार शर्मा ने झंडा फहराया। नगर पालिका परिषद में पालिका अध्यक्ष मुहम्मद मुशीर कुरैशी एवं अधिशासी अधिकारी संदीप कुमार ने ध्वजारोहण किया। इस मौके पर वरिष्ठ लिपिक नासीर अली , कपिल कुमार सिंह , पवन शर्मा , शालिनी सिंह, निमेश कुमार एवं समस्त सभासद गण मौजूद रहे ।सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर चिकित्साधीक्षक डा राज वर्मा ने ध्वजारोहण किया । तिरंगे के लहरते ही पूरा वातावरण देशभक्ति के रंग में रंग गया ।चहुंओर भारत माता की जय ,वन्दे मातरम्, जयघोषों से वातावरण गूंज उठा। ध्वजारोहण के पश्चात अधिकारियों, कर्मचारियों एवं उपस्थित लोगों को राष्ट्र की एकता, अखंडता और संप्रभुता की शपथ दिलाई गई। इस दौरान देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले अमर शहीदों और स्वतंत्रता सेनानियों को श्रद्धापूर्वक याद किया गया। इस महापर्व की पवन बेला पर वक्ताओं ने कहा कि देश की आजादी असंख्य वीर सपूतों के संघर्ष, त्याग और बलिदान का परिणाम है। हमें उनके बलिदानों से प्रेरणा लेकर राष्ट्रहित में कार्य करना चाहिए और देश की एकता एवं अखंडता को सदैव मजबूत बनाए रखना चाहिए। राष्ट्र की प्रगति में प्रत्येक नागरिक की महत्वपूर्ण भूमिका है। सभी को अपने कर्तव्यों का ईमानदारी से निर्वहन करते हुए देश के विकास में योगदान देना चाहिए। सरकारी कार्यालयों में देशभक्ति गीतों और नारों से वातावरण पूरी तरह राष्ट्रभक्ति से सराबोर नजर आया। तिरंगे की शान में उपस्थित लोगों ने उत्साहपूर्वक भारत माता के जयकारे लगाए। इस दौरान बच्चों, कर्मचारियों और स्थानीय लोगों में भी स्वतंत्रता दिवस को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला।

Dainik Lalsa
Author: Dainik Lalsa

Leave a Comment