सीएम योगी से सादाबाद के समग्र विकास के प्रस्तावों को लेकर मिले विधायक प्रदीप चौधरी

नगर पालिका, राजकीय पॉलीटेक्निक कॉलेज, कला संग्रहालय, मिनी खेल स्टेडियम, बिसावर को नगर पंचायत व कोतवाली की स्थापना की मांग

सादाबाद। उत्तर प्रदेश के यशस्वी मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से क्षेत्रीय विधायक चौधरी गुड्डू द्वारा शिष्टाचार भेंट कर सादाबाद विधानसभा क्षेत्र के समग्र एवं सर्वांगीण विकास से जुड़े अनेक महत्वपूर्ण प्रस्ताव प्रस्तुत किए गये हैं।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से शिष्टाचार मुलाकात के दौरान क्षेत्रीय विधायक चौधरी गुड्डू द्वारा क्षेत्र के विकास को नई गति देने के उद्देश्य से सादाबाद नगर पंचायत का सीमा विस्तार कर नगर पालिका परिषद का दर्जा प्रदान करने, राजकीय पॉलीटेक्निक कॉलेज की स्थापना, राजकीय कला संग्रहालय एवं आर्ट गैलरी की स्थापना, मुरसान में मिनी खेल स्टेडियम का निर्माण, बिसावर ग्राम पंचायत को नगर पंचायत घोषित करने तथा जनहित में कोतवाली की स्थापना का प्रस्ताव रखा गया। साथ ही बिसावर में स्थापित पॉलीटेक्निक कॉलेज में शीघ्र शिक्षण कार्य प्रारंभ कराने का आग्रह किया।
उन्होंने मुख्यमंत्री से यह भी अनुरोध किया कि सांस्कृतिक विरासत एवं महापुरुषों के सम्मान के लिए सादाबाद के एसबीआई तिराहे पर लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर जी, जैतई तिराहे पर महाराणा पृथ्वीराज चौहान जी तथा राया तिराहे पर जाट शिरोमणि महाराजा सूरजमल जी की भव्य प्रतिमाएं स्थापित कराने का भी अनुरोध किया।किसानों, विशेष कर आलू उत्पादक किसानों के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए राहत पैकेज, आलू निर्यात की प्रभावी व्यवस्था, कोल्ड स्टोरेज भाड़े एवं परिवहन पर सब्सिडी तथा मंडी शुल्क में छूट प्रदान किए जाने की मांग भी मुख्यमंत्री के समक्ष रखी।
विधायक प्रदीप चौधरी ने कहा है कि विश्वास है कि इन जनहितकारी प्रस्तावों के क्रियान्वयन से सादाबाद विधानसभा क्षेत्र में शिक्षा, कृषि, खेल, संस्कृति एवं शहरी विकास को नई दिशा मिलेगी तथा क्षेत्र के सर्वांगीण विकास का मार्ग और अधिक प्रशस्त होगा।सादाबाद की जनता की अपेक्षाओं को पूरा करना ही मेरी सर्वोच्च प्राथमिकता है। जनसेवा का यह संकल्प निरंतर जारी रहेगा।

Dainik Lalsa
Author: Dainik Lalsa

Leave a Comment