मंगलवार की देर शाम गाँव बिजहरी के माजरा बिजलीघर काॅलोनी में वर्चस्व व किसी पुरानी बात को लेकर एक ही समुदाय के दो पक्षों में अचानक विवाद हो गया। देखते ही देखते बात इतनी बढ़ गई कि दोनों ओर से जमकर लाठी-डंडे चले और पथराव होने लगा। जिसमें दोनों पक्षों के कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।
बुधवार को मिली जानकारी के अनुसार बिजली घर के समीप दोनों पक्षों के लोग आपसी कहासुनी को लेकर आमने-सामने आ गए थे। मुंहवाद से शुरू हुआ यह मामला देखते ही देखते मारपीट में बदल गया। पथराव की घटना से बिजली घर और लोगों में अफरा-तफरी का माहौल पैदा हो गया और लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली सासनी पुलिस मौके पर पहुँची। पुलिस के पहुँचते ही उपद्रवी मौके से भागने लगे। पुलिस ने स्थिति को संभाला घायलों ने अपना इलाज प्राइवेट नर्सिंग होम में कराया है। वहीं कोतवाली पुलिस अफसरान का कहना है कि बिजहरी बिजली घर के पास एक ही समुदाय के दो पक्षों में मारपीट और पथराव की सूचना मिली थी। पुलिस तुरंत मौके पर पहुँची और स्थिति को नियंत्रण में है मामले की जाँच की जा रही है, तहरीर मिलते ही वैधानिक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।









