
सिकंदराराऊ। कोतवाली हसायन क्षेत्र के गांव गिरधरपुर में रविवार को एक तेज रफ्तार वाहन ने एक 15 वर्षीय किशोर में टक्कर मार दी । हादसे में किशोर की मौत हो गई । किशोर की मौत से परिजनों में कोहराम मच गया और गांव में शोक की लहर दौड़ गई । पुलिस ने मृतक किशोर के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेजा है।
बताया जाता है कि अमित पुत्र रमेश उम्र 15 वर्ष कन्नौज मूल निवासी था । वह गांव गिरधरपुर में बचपन से ही अपने बहनोई कल्याण सिंह के पास रहता था । वह कक्षा तीन का छात्र था। कल्याण सिंह गुजरात में कार्य करते है । रविवार की देर शाम को अमित गांव के बच्चों के साथ घर के बाहर खेल रहा था। तभी उसे एक तेज गति से आ रहे वाहन ने रौंद दिया। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया । घायल किशोर को उपचार के लिए कस्बा सिकंदराराऊ के एक प्राइवेट अस्पताल लेकर पहुंचे । जहां चिकित्सक ने किशोर को मृत घोषित कर दिया। परिजन वापस किशोर के शव को गांव ले आए। किशोर की मौत से परिजनों में हाहाकार मच गया और गांव में मातम पसर गया । मामले की सूचना पाकर सोमवार को पहुंची पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम को भिजवा दिया। किशोर की मौत से परिजनों का रो रोकर बुरा हाल है।









