
गांव बसईंकाजी में केनरा बैंक ग्रामीण निःशुल्क स्वरोजगार प्रशिक्षण केन्द्र (आरएसईटीआई) द्वारा ग्रामीण युवाओं एवं महिलाओं के लिए दिनांक बारह जनवरी से निःशुल्क अगरबत्ती धूपबत्ती निर्माण प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। यह प्रशिक्षण सत्ताईस जनवरी तक चलेगा।
मंगलवार को यह जानकारी देते हुए संस्था के निदेशक सुनील कुमार झा ने बताया कि प्रशिक्षण कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को स्वरोजगार हेतु प्रशिक्षित करना तथा उन्हें आत्मनिर्भर बनाना है। प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को अगरबत्ती एवं धूपबत्ती बनाने की संपूर्ण प्रक्रिया, कच्चे माल की जानकारी, मशीनों का प्रयोग, गुणवत्ता नियंत्रण, पैकेजिंग एवं विपणन से संबंधित व्यावहारिक जानकारी दी जा रही है। उन्होेंने बताया कि इस प्रकार के प्रशिक्षण कार्यक्रम ग्रामीण युवाओं को कम लागत में घर से ही रोजगार शुरू करने में सहायक होते हैं। प्रशिक्षण उपरांत प्रतिभागियों को बैंक ऋण एवं सरकारी योजनाओं से जोड़ने का भी प्रयास किया जाएगा। कार्यक्रम में गांव के अनेक प्रतिभागी उत्साहपूर्वक भाग ले रहे हैं, तथा प्रशिक्षण को लाभकारी बताया जा रहा है।









