सिकंदराराऊ । कोतवाली हसायन क्षेत्र में शिक्षक के घर पर रहकर पढ़ाई कर रही एक 9 वर्षीय मासूम छात्रा से शिक्षक ने अपने दो साथियों के साथ मिलकर गलत हरकतें कर छेड़छाड़ की । पीड़िता छात्रा के पिता ने नामजद आरोपियों के खिलाफ कोतवाली हसायन में रिपोर्ट दर्ज कराई है।
कोतवाली सिकंदराराऊ क्षेत्र के एक गांव निवासी पीड़िता छात्रा के पिता ने दर्ज कराई रिपोर्ट में कहा है कि उनकी 9 वर्षीय पुत्री थाना हसायन क्षेत्र के निवासी शिक्षक सुरेंद्र सिंह पुत्र रामेश्वर के घर पर रहकर पढ़ाई कर रही थी। इसी का फायदा उठाकर सुरेंद्र मास्टर , ईसू और अभिषेक पिछले काफी दिनों से मासूम बच्ची के साथ गलत हरकतें और छेड़छाड़ कर रहे थे। बीती 30 जून को डरी-सहमी छात्रा ने हिम्मत जुटाकर अपने पिता को फोन किया और रोते हुए इस घिनौनी करतूत की जानकारी दी। मासूम ने बताया कि विरोध करने पर आरोपियों ने उसे धमकी दी थी कि अगर उसने घर पर किसी को कुछ भी बताया, तो वे उसे जान से मार देंगे। रिपोर्ट दर्ज होने के बाद पुलिस ने मामले में जांच शुरू कर दी है।












