भाकियू (भानु) के पदाधिकारियों एवं किसानों ने विभिन्न मांगो को लेकर तहसील में शुरू किया अनिश्चितकालीन धरना प्रदर्शन

सिकंदराराऊ । तहसील परिसर में सोमवार को भारतीय किसान यूनियन (भानु ) के पदाधिकारियों और किसानों ने विभिन्न मांगों को लेकर अनिश्चितकालीन धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया। किसानों ने प्रशासन पर लंबे समय से लंबित समस्याओं का समाधान न करने का आरोप लगाया और चेतावनी दी कि जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं होंगी, तब तक धरना जारी रहेगा।
भारतीय किसान यूनियन (भानू) के अलीगढ़ मंडल अध्यक्ष एवं राष्ट्रीय सचिव ठाकुर राम जादौन ने बताया कि उनकी मुख्य मांगो में गांव बनवारीपुर में जलभराव की समस्या का शामिल है। इसके साथ ही पुरदिलनगर नगर पंचायत में कथित भ्रष्टाचार के आरोपों की निष्पक्ष जांच की मांग की गई है।


उन्होंने हसायन थाना क्षेत्र के नगला उदैया निवासी प्रदीप कुमार के यहां हुई 15 लाख रुपये की चोरी का खुलासा करने तथा बारिश से बर्बाद हुई किसानों की फसलों का उचित मुआवजा देने की भी मांग उठाई।
उन्होंने कहा कि केवल ज्ञापन देने से समस्या का समाधान नहीं होगा। जब तक सभी मांगों पर ठोस कार्रवाई नहीं होती, तब तक किसान तहसील परिसर में अपना अनिश्चितकालीन धरना जारी रखेंगे। धरने में आसपास के जिलों से भी बड़ी संख्या में किसान और संगठन के पदाधिकारी शामिल हुए।
धरने को लेकर उपजिलाधिकारी धर्मेंद्र सिंह चौहान ने कहा कि तहसील प्रशासन किसानों के साथ है। यदि किसान अपनी मांगों का ज्ञापन देना चाहते हैं तो प्रशासन उसे स्वीकार कर नियमानुसार कार्रवाई करेगा।

Dainik Lalsa
Author: Dainik Lalsa

Leave a Comment