सिकंदराराऊ। एन एच 34 के अलीगढ़ रोड स्थित गांव हुसैनपुर के निकट बीती रात्रि एक बिहारी श्रमिक को एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने रौंद दिया। हादसे में श्रमिक की मौके पर मौत हो गई । पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेज दिया।
बताया जाता है कि धनजीराम उर्फ राजकुमार पुत्र जगन्नाथ उम्र 40 वर्ष निवासी बछड़ी थाना पियुरो जिला आरा बिहार क्षेत्र के गांव हुसैनपुर में 18 श्रमिकों की टोली के साथ खेतों में धान की पौध की रोपाई का कार्य करने को आया था। रविवार की रात्रि 9 बजे वह थैली में सब्जी लेकर के अपने डेरे पर वापस जा रहा था। तभी एक तेज गति से आ रहे अज्ञात वाहन ने उसको टक्कर मार दी। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया । जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया । सूचना पर पहुंची पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम को भिजवा दिया। हादसे की सूचना पाकर मृतक के परिजन एवं साथी भी मौके पर पहुंचकर । श्रमिक की मौत से परिजनों में कोहराम मच गया । मृतक अपने पीछे पत्नी एवं तीन बच्चों को रोता बिलखता छोड़ गया है। श्रमिक की मौत से परिजनों का रो रोकर बुरा हाल है ।












