क्षेत्र में दौड़ी हर्ष की लहर , मिठाई बांटकर किया खुशी का इजहार

सिकंदराराऊ। क्षेत्र के गांव अगराना जरारा निवासी साधना चौहान का चयन भारतीय अंडर-18 महिला बास्केटबॉल टीम में हुआ है। वह बैंकॉक में आयोजित FIBA U-18 महिला एशिया कप 2026 में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगी। उनके चयन से परिजनों एवं क्षेत्र में हर्ष की लहर दौड़ गई । उनके आवास पर उन्हें बधाई देने वालों का तांता लग गया।
साधना के पिता गौरेश चौहान एक किसान हैं और उनकी माता गृहिणी हैं। एक साधारण किसान परिवार से आने वाली साधना की इस उपलब्धि ने सभी को गौरवान्वित किया है। गौरेश चौहान तीन बेटियों के पिता हैं और उन्होंने कभी बेटे की चाह नहीं रखी। उन्होंने कहा, “मेरे लिए मेरी बेटियां ही सब कुछ हैं। मैंने हमेशा उनकी रुचि के अनुसार उन्हें शिक्षा और खेल में आगे बढ़ने का पूरा अवसर दिया।” साधना उनकी सबसे छोटी बेटी हैं, जबकि उनकी दूसरी बेटी का भी प्रदेश स्तरीय हॉकी टीम में चयन हो चुका है। साधना वर्तमान में अनूपशहर स्थित परदादा-परदादी एजुकेशनल सोसाइटी में शिक्षा प्राप्त कर रही हैं। पढ़ाई के साथ-साथ बास्केटबॉल में उनकी कड़ी मेहनत और अनुशासन ने उन्हें भारतीय टीम तक पहुंचाया है। उनकी इस उपलब्धि पर ग्रामीणों ने मिठाइयां बांटकर खुशी का इजहार किया।












