कोतवाली के बाहर युवक ने आत्मदाह का किया प्रयास, पुलिस ने बचाया कार्रवाई न होने का लगाया आरोप

सिकंदराराऊ । रविवार देर रात करीब 10:30 बजे एक युवक ने पुलिस कार्रवाई से नाराज होकर हसायन कोतवाली के बाहर आत्मदाह का प्रयास किया। इस दौरान मुख्य गेट पर तैनात पुलिसकर्मियों ने तत्काल सतर्कता दिखाते हुए उसे बचा लिया और हिरासत में लेकर उसका चिकित्सकीय परीक्षण कराया ।थाना हाथरस जंक्शन क्षेत्र के गांव सलेमपुर निवासी विजयपाल उर्फ कालू जाटव ने बताया कि 2 जून को उसके साथ मारपीट और गाली-गलौज की घटना हुई थी, जिसकी उसने पुलिस से लिखित शिकायत की थी। उसका कहना है कि शिकायत के बावजूद पांच दिन तक कोई कार्रवाई नहीं की गई।
इसी मामले में हसायन कस्बे के मोहल्ला कोलियान खुर्द निवासी किरण देवी ने भी पुलिस अधीक्षक कार्यालय में विजयपाल के खिलाफ शिकायत दी थी। इसमें आरोप लगाया गया था कि विजयपाल ने एक मुकदमे से नाम हटवाने के नाम पर 75 हजार रुपये लिए थे। हालांकि बाद में किरण देवी ने हसायन कोतवाली पहुंचकर दूसरी तहरीर देते हुए कहा कि उन्होंने कुछ लोगों के बहकावे में आकर झूठी शिकायत की थी और अब वह अपनी शिकायत वापस लेना चाहती हैं। विजयपाल का आरोप है कि पुलिस महिला पर दबाव बनाकर उसके खिलाफ दोबारा शिकायत दर्ज कराने का प्रयास कर रही है। उसने इस संबंध में फेसबुक और एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर एक वीडियो भी साझा किया था ।जिसमें उसने दावा किया था कि उसकी शिकायत पर कार्रवाई नहीं हुई और उसके खिलाफ साजिश रची जा रही है। वीडियो में उसने आत्मदाह करने की चेतावनी भी दी थी। रविवार रात महिला को थाने लाए जाने की सूचना मिलने पर विजयपाल हसायन कोतवाली पहुंच गया। आरोप है कि उसने अपनी गाड़ी में ज्वलनशील पदार्थ (डीजल) डालकर आग लगाने का प्रयास किया। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने तत्काल हस्तक्षेप कर उसे रोक लिया। इसके बाद पुलिस ने उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजकर चिकित्सकीय परीक्षण कराया और आगे की कार्रवाई के लिए कोतवाली ले आई। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

Dainik Lalsa
Author: Dainik Lalsa

Leave a Comment