पुरानी रंजिश में दो पक्ष आए आमने सामने,जमकर चले लाठी डंडे

घटना में नौ लोग हुए घायल घायलों का पुलिस ने कराया चिकित्सकीय परीक्षण

सिकंदराराऊ। कोतवाली हसायन क्षेत्र के गांव गोपालपुर नगला उदैया में पुरानी रंजिश को लेकर रविवार देर शाम दो पक्षों के बीच जमकर लाठी-डंडे चले। घटना में महिलाओं और बच्चों समेत नौ लोग घायल हो गए। सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
गांव गोपालपुर नगला उदैया में श्यामवीर सिंह पुत्र रामलखन सिंह ने बताया कि उनके परिवार और दूसरे पक्ष के बीच पुराना विवाद चल रहा है, जिसका मुकदमा न्यायालय में विचाराधीन है। आरोप है कि रविवार रात करीब साढ़े आठ बजे दूसरे पक्ष का एक नामजद व्यक्ति शराब के नशे में उनके घर पहुंचा और न्यायालय में चल रहे मामले का फैसला करने का दबाव बनाने लगा। विरोध करने पर उसने गाली-गलौज शुरू कर दी और लाठी-डंडों से हमला कर दिया। मारपीट के बाद आरोपी स्वयं कोतवाली पहुंच गया। हमले में श्यामवीर सिंह, उनके पिता रामलखन सिंह, मां श्रीमती, भाई जयवीर सिंह, गुड्डी देवी, भतीजा अंशुल कुमार, ज्योति, भतीजी अंशिका और ऊषा देवी समेत नौ लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। शारीरिक रूप से दिव्यांग श्यामवीर सिंह व्हीलचेयर के सहारे अपने परिजनों के साथ उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे। उन्होंने आरोप लगाया कि आरोपी ने जाते समय उन्हें जान से मारने की धमकी भी दी। घटना की सूचना पाकर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई । पुलिस ने सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया। कार्यवाहक थानाध्यक्ष एवं वरिष्ठ उपनिरीक्षक आदेश पाल सिंह ने बताया कि अभी तक पीड़ित पक्ष की ओर से लिखित तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। मौखिक सूचना के आधार पर मामले की जानकारी मिली है। सभी घायलों का उपचार कराया गया है और तहरीर मिलने पर जांच के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

Dainik Lalsa
Author: Dainik Lalsa

Leave a Comment