श्रीमद् भागवत कथा से पूर्व निकली भव्य कलश यात्रा


सिकंदराराऊ। कस्बा के मोहल्ला बगिया बारहसैनी स्थित श्रीराधा कृष्ण मंदिर में सोमवार को भव्य कलश यात्रा के साथ श्रीमद्भागवत कथा का शुभारंभ हुआ। गाजे बाजे के साथ कलश यात्रा कस्बा के मोहल्ला नौरंगाबाद पश्चिमी स्थित प्राचीन ओम बाबा मंदिर से प्रारंभ हुई और कस्बा के मोहल्ला नौरंगाबाद पश्चिमी,हुरमतगंज, बड़ा बाजार, तिराहा बाजार, चूड़ी मार्केट आदि मार्गो से होती हुई गुजरी । कस्बा भ्रमण के बाद मोहल्ला बगिया बारहसैनी स्थित श्रीराधा कृष्ण मंदिर पर पहुंचकर कलश यात्रा का समापन हुआ। यात्रा में बड़ी संख्या में महिला श्रद्धालु पीत वस्त्र पहन कर व सिर पर कलश धारण कर शामिल हुई। जगह -जगह यात्रा का श्रद्धालुओं ने पुष्प वर्षा कर भव्य स्वागत किया। राधे राधे , जय श्री कृष्णा के जयघोषों से वातावरण सराबोर हो गया। कथा स्थल पर विद्वान ब्राह्मणों ने विधि विधान के साथ श्रीमद् भागवत कथा की पूजा अर्चना की । कथा का शुभारंभ करते हुए कथावाचक पंडित शीलेंद्र कृष्ण दीक्षित ने कहा कि श्रीमद्भागवत कथा, ऐसी कथा है, जो जीवन के उद्देश्य एवं दिशा को दर्शाती है। इसलिए जहां भी भागवत कथा होती है। इसे सुनने मात्र से वहां का संपूर्ण क्षेत्र दुष्ट प्रवृत्तियों से समाप्त होकर सकारात्मक उर्जा से सशक्त हो जाता है। उन्होंने कहा कि कथा की सार्थकता तभी सिद्ध होती है, जब इसे हम अपने जीवन और व्यवहार में धारण करें। श्रीमद्भागवत कथा के श्रावण से जन्म जन्मांतर के विकार नष्ट होकर प्राणी मात्र का लौकिक व आध्यात्मिक विकास होता है। कलश यात्रा में परीक्षित संजीव कुमार वार्ष्णेय, चेतन शर्मा, विजय भारत कुलश्रेष्ठ , मुकेश कुमार , मुकुल गुप्ता आदि मौजूद रहे।

Dainik Lalsa
Author: Dainik Lalsa

Leave a Comment