पति समेत पांच ससुरालीजनों के खिलाफ दी तहरीर
सिकंदराराऊ । कस्बा के मोहल्ला करीमनगर निवासी एक विवाहिता की अलीगढ़ मेडिकल में उपचार के दौरान मौत हो गई । मृतका के भाई ने पति समेत पांच ससुरालीजनों पर दहेज उत्पीड़न का आरोप लगाते रिपोर्ट दर्ज कराने को कोतवाली तहरीर दी है।
मोहल्ला करीमनगर निवासी पंकज उपाध्याय ने दी तहरीर में आरोप लगाते हुए कहा कि उनकी बहन कोमल उर्फ मीनाक्षी उपाध्याय की शादी करीब ढाई वर्ष पूर्व कासगंज के सूत की मंडी निवासी युवक से हुई थी । आरोप है कि शादी के बाद से ही ससुराल पक्ष के लोग अतिरिक्त दहेज में नकदी, जेवर और कार की मांग को लेकर कोमल को मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित कर रहे थे। कई बार उनकी मांगें पूरी करने के बावजूद पति, ससुर, सास, ननद और ननदोई का रवैया नहीं बदला। कोमल के साथ लगातार मारपीट की जाती रही। 28 जून को ससुराल पक्ष के लोगों ने एक बार फिर कोमल के साथ मारपीट की, जिसके बाद उसने अपने भाई पंकज को फोन कर बुलाया। पंकज उसे अपने साथ मायके ले आए।
मायके आने के बाद से कोमल गहरे अवसाद और मानसिक परेशानी में थी। ससुराल में हुए उत्पीड़न के कारण वह लगातार तनाव में रह रही थी। इसी मानसिक तनाव के चलते मंगलवार को उसने आत्महत्या का प्रयास किया। गंभीर हालत में उसे उपचार के लिए अलीगढ़ मेडिकल कॉलेज ले जाया गया । जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। मृतका का पोस्टमार्टम भी अलीगढ़ में ही कराया गया है। विवाहिता की मौत से परिजनों में कोहराम मच गया। परिजनों का रो रोकर बुरा हाल है।












