दो बाइकों की आमने-सामने की हुई जबरदस्त भिड़ंत, दो युवकों की मौत, एक महिला गंभीर घायल

मृतक रोहित यादव का फाइल फोटो।

हबीबपुर पेट्रोल पंप के निकट हुआ हादसा

सिकंदराराऊ । कासगंज रोड स्थित हबीबपुर पर पेट्रोल पंप के पास बीती रात दो बाइकों की आमने-सामने की जबरदस्त भिड़ंत हो गई । घटना में दो युवकों की मौत हो गई ,जबकि एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई । जिसका उपचार अलीगढ़ मेडिकल कॉलेज में जारी है।


बताया जाता है कि क्षेत्र के गांव खेमगढ़ी निवासी 18 वर्षीय भूपेंद्र यादव पुत्र राधेश्याम यादव सोमवार शाम 6:30 बजे करीब अपनी बहन को क्षेत्र के गांव बरामई में एक पारिवारिक कार्यक्रम में छोड़कर मोटरसाइकिल पर सवार होकर घर लौट रहा था। जैसे ही वह गांव हबीबपुर स्थित पेट्रोल पंप के निकट पहुंचा । तभी सामने से आ रही एक अन्य मोटरसाइकिल से जोरदार टक्कर हो गई। दूसरी मोटरसाइकिल पर रोहित और उसकी पत्नी सीमा निवासी गांव खेड़ा सुल्तानपुर सवार थे, जो गांव पंचो अपने गांव खेड़ा सुल्तानपुर जा रहे थे। टक्कर के बाद तीनों बाइक सवार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए । हादसे में दोनों बाइक भी बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई। घटना के बाद मौके पर ग्रामीणों की भीड़ एकत्रित हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। जहां से चिकित्सकों द्वारा प्राथमिक उपचार के बाद तीनों घायलों को अलीगढ़ मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। अलीगढ़ मेडिकल कॉलेज में उपचार के दौरान भूपेंद्र यादव और रोहित ने दम तोड़ दिया । जबकि घायल सीमा का अलीगढ़ मेडिकल कॉलेज में उपचार चल रहा है। भूपेंद्र यादव की मौत की खबर से उनके परिवार में चीत्कार मच गया और गांव में शोक की लहर दौड़ गई । भूपेंद्र की शादी एक वर्ष हुई थी । उनके परिवार में माता-पिता के अलावा दो भाई उपेंद्र और राहुल हैं। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। दोनों युवकों की मौत से परिजनों का रो रोकर बुरा हाल है।

Dainik Lalsa
Author: Dainik Lalsa

Leave a Comment