
हाथरस- 27 जून। कोतवाली सदर क्षेत्र के सरक्यूलर रोड निवासी शहर के एक प्रमुख स्टेशनरी कारोबारी ने आज सुबह अपने घर में आत्महत्या कर लेने से भारी सनसनी फैल गई और मौके पर क्षेत्रीय दुकानदारों व लोगों की भीड़ लग गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। परिजनों का आरोप है कि कारोबारी पर करीब पांच करोड़ रुपये का कर्ज था और लेनदारों के लगातार दबाव के कारण वह मानसिक रूप से परेशान थे। घटना से परिजनों में भारी कोहराम मच गया है।।
बताया जाता है कोतवाली सदर क्षेत्र के सरक्यूलर रोड निवासी शहर के प्रमुख स्टेशनरी कारोबारी अशोक कुमार गुप्ता ने आज तड़के सुबह अपने ही घर पर मानसिक तनाव के चलते फांसी के फंदे पर लटक कर आत्महत्या कर लेने से पूरे क्षेत्र भारी सनसनी फैल गई और मौके पर लोगों की भीड़ लग गई। करीब 58 वर्षीय अशोक कुमार गुप्ता बहुत ही सरल एवं हंसमुख स्वभाव के थे और उनके द्वारा उठाए गए इस कदम से हर कोई हतप्रभ है।। परिजनों के अनुसार आज सुबह करीब 5 बजे तक अशोक कुमार गुप्ता सामान्य अवस्था में थे। करीब 6 बजे परिवार के लोगों ने उन्हें कमरे में फंदे से लटका देखा। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को नीचे उतरवाकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।परिवार का कहना है कि अशोक कुमार गुप्ता पर बैंक और शहर के हुंडी संचालकों का करीब पांच करोड़ रुपये का कर्ज था। कर्ज चुकाने को लेकर कुछ लेनदार लगातार उन पर दबाव बना रहे थे, जिससे वह काफी तनाव में रहने लगे थे।। परिजनों के मुताबिक लेनदारों के दबाव से परेशान होकर अशोक गुप्ता करीब एक माह पहले घर छोड़कर चले गए थे। चार दिन पहले ही वह वापस लौटे थे, लेकिन लौटने के बाद फिर से लेनदार उनके घर पहुंचने लगे, जिससे उनकी मानसिक परेशानी और बढ़ गई।परिवार ने आरोप लगाया है कि लेनदारों की कथित प्रताड़ना से परेशान होकर अशोक कुमार ने यह कदम उठाया। वह अपने पीछे दो विवाहित बेटियों और एक विवाहित बेटे को छोड़ गए हैं। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट समेत अन्य तथ्यों के आधार पर आगे की कार्यवाही की जाएगी।। शहर के प्रमुख स्टेशनरी कारोबारी अशोक कुमार गुप्ता की दुखद मौत के बाद उनका आज देर शाम अंतिम दाह संस्कार कर दिया गया। लेकिन उनके द्वारा उठाए गए इस कदम से लोगों में भरी चर्चाएं हैं और हर कोई घटना से हतप्रभ है।












