
सासनी-16 जनवरी। क्षेत्र में अब स्थानीय नागरिकों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए दर-दर नहीं भटकना पड़े तथा अपराध नियंत्रण और महिला सुरक्षा को और अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिंन्हा ने सासनी कोतवाली परिसर में नवनिर्मित पुलिस कार्यालय, अत्याधुनिक साइबर हेल्प डेस्क और मिशन शक्ति कक्ष का विधिवत फीता काटकर उद्घाटन किया।

शुक्रवार को उद्घाटन के दौरान एसपी ने बताया कि वर्तमान में बढ़ते डिजिटल फ्रॉड और साइबर अपराधों को देखते हुए साइबर हेल्प डेस्क की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। अब क्षेत्र के लोग ऑनलाइन ठगी, सोशल मीडिया हैकिंग या अन्य तकनीकी अपराधों की शिकायत सीधे सासनी में ही दर्ज करा सकेंगे। इसके लिए प्रशिक्षित पुलिस कर्मियों की तैनाती की गई है जो त्वरित एक्शन सुनिश्चित करेंगे। उन्होंने कहा कि महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा के लिए समर्पित मिशन शक्ति केंद्र को विशेष रूप से डिजाइन किया गया है। यहाँ महिला फरियादी बिना किसी झिझक के अपनी बात रख सकेंगी। एसपी ने जोर देकर कहा कि महिला संबंधी अपराधों में जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई जाएगी। उन्होंने कहा कि पीड़ित महिलाओं को तत्काल सहायता और परामर्श उपलब्ध कराया जाएगा।

बता दें कि नवनिर्मित पुलिस कार्यालय को आधुनिक संसाधनों से लैस किया गया है ताकि आगंतुकों को बैठने और अपनी बात रखने के लिए बेहतर माहौल मिल सके। कार्यालय में जनसुनवाई के लिए अलग से व्यवस्था की गई है, जिससे पुलिस और जनता के बीच की दूरी कम होगी। एसपी ने क्षेत्रवासियों से अपील की कि वे किसी भी संदिग्ध गतिविधि या अपराध की सूचना तत्काल पुलिस को दें। उन्होंने विश्वास दिलाया कि सासनी पुलिस पूरी निष्ठा के साथ नागरिकों की सेवा और सुरक्षा के लिए तत्पर है। इस अवसर पर सीओ योगेन्द्र कृष्ण नारायण, थाना प्रभारी अवधेश कुमार सिंह, क्राइम इंस्पैक्टर अवधेश कुमार, तथा भारी संख्या में पुलिस बल व स्थानीय ठाकुर महेंद्र सिंह सोलंकी, ठाकुर सत्येंद्र सिंह, डॉ. लोकेश शर्मा और विजय शर्मा उर्फ वेंजू भैया सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रीय लोग मौजूद थे।












