गांव बरसामई से 16 जून को बहन के यहां धार्मिक कार्यक्रम में शामिल होने गया था युवक 18 जून को गहरे पानी में डूबने से हुई युवक की मौत

सिकंदराराऊ । कोतवाली हसायन क्षेत्र के गांव बरसामई निवासी एक 19 वर्षीय युवक की फिरोजाबाद में नहर में डूबने से मौत हो गई। युवक अपनी बहन के घर एक धार्मिक कार्यक्रम में शामिल होने गया था। गुरुवार को नहर में डूबने के बाद शुक्रवार सुबह उसका शव बरामद किया गया। पोस्टमार्टम के बाद जब युवक का शव गांव में पहुंचा तो परिजनों में चीत्कार मच गया और गांव में शोक की लहर दौड़ गई ।
बताया जाता है कि गांव बरसामई निवासी 19 वर्षीय जितेंद्र कुमार पुत्र ओमवीर 16 जून को जनपद फिरोजाबाद के थाना एका क्षेत्र के गांव नगला भजना में अपनी बहन मंजू देवी के घर अखंड रामायण पाठ में शामिल होने को गया था। जितेंद्र बुलंदशहर स्थित एक होटल में कार्य करता था । धार्मिक कार्यक्रम संपन्न होने के बाद जितेंद्र अपने एक साथी के साथ गांव नगला भजना पुल के पास नहर में सामग्री विसर्जित करने को गया था। इस दौरान वे दोनों नहर में नहाने लगे। पहले वे दोनों छोटी नहर में नहा रहे थे, फिर बड़ी नहर में उतर गए। पानी की गहराई का अंदाजा न होने के कारण दोनों युवक अचानक गहरे पानी में समाने लगे। दोनों युवकों को डूबता देख, उनकी चीख-पुकार सुनकर स्थानीय ग्रामीण मौके पर पहुंचे। कड़ी मशक्कत के बाद ग्रामीणों ने एक युवक को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, लेकिन जितेंद्र नहर के तेज बहाव में बह गया। घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली एका पुलिस और पुलिस उपाधीक्षक (सीओ) जसराना प्रेमप्रकाश पांडेय भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने नहर के तेज बहाव में बहे जितेंद्र कुमार की तलाश के लिए काफी प्रयास किए। सीओ प्रेमप्रकाश पांडेय ने सिंचाई विभाग के अधिकारियों से बात कर नहर का पानी भी कम करवाया।
शुक्रवार सुबह करीब आठ बजे मृतक जितेंद्र का शव नहर के पानी में तैरता हुआ मिला। पुलिस ने शव को निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए फिरोजाबाद भेज दिया। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद एका पुलिस ने शव परिजनों को सौंप दिया। युवक का शव गांव पहुंचते ही परिवार में हाहाकार मच गया। परिजनों ने गमगीन माहौल में युवक के शव का अंतिम संस्कार कर दिया। युवक की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।












