
सिकंदराराऊ। कस्बा के पंत चौराहे पर स्थित शराब ठेके पर गुरुवार रात शराब की कीमत को लेकर दो पक्षों में विवाद हो गया और विवाद मारपीट में बदल गया। घटना में चार युवक घायल हो गए। मामले में दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर गंभीर आरोप लगाए हैं ।
बताया जाता है कि क्षेत्र के गांव मूढ़ा नौजरपुर निवासी एक युवक गुरुवार रात्रि 8 बजे करीब पंत चौराहे पर स्थित शराब के ठेके पर शराब का क्वार्टर खरीदने को पहुंचा था। आरोप है कि ठेका सेल्समैन द्वारा 130 कीमत वाले क्वार्टर के बदले 150 मांगे गए। इसका विरोध करने पर दोनों में कहासुनी हो गई, जो बाद में विवाद में बदल गई। पीड़ित पक्ष का आरोप है कि ठेका कर्मचारियों ने अन्य लोगों के साथ मिलकर मारपीट की और बीच-बचाव करने पहुंचे युवकों को ठेके के अंदर बंद कर लाठी-डंडों से पीटा गया। घटना में अंशुल, हरीश, संजय और विपिन निवासी गांव मूढ़ा नौजरपुर गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल युवकों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। जहां उनका चिकित्सकीय परीक्षण कराया गया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों द्वारा चारों घायल युवकों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया । दूसरी ओर, ठेका स्वामी ने आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि कुछ युवक एक साथ ठेके के अंदर घुसने का प्रयास कर रहे थे। कर्मचारियों को आशंका थी कि वे लूटपाट की नीयत से आए हैं। इसी कारण उन्हें रोकने का प्रयास किया गया और स्थिति बिगड़ने पर पुलिस को सूचना दी गई। इस संबंध में कोतवाली प्रभारी निरीक्षक शिव कुमार शर्मा ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। घायलों का मेडिकल परीक्षण कराया गया है और ठेके पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर मुकदमा दर्ज कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने कहा है कि मामले में किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।












