गांव जरैया में शनिवार देर रात एक मकान के अंदर ठंड से बचने के लिए चूल्हे पर आग सेंकते वक्त चूल्हे के पास रखे गैस सिलेंडर में आग लग गई। जिसमें गांव निवासी मल्ल सिंह का बारह वर्षीय पुत्र बाबू और उसकी दादी झुलस गए। दोनों का उपचार सीएचसी में कराया है।
रविवार को मिली जानकारी के अनुसार, मकान के भीतर कुछ लोग ठंड से बचने के लिए चूल्हे पर ताप रहे थे। इसी दौरान पास रखे गैस सिलेंडर ने अचानक आग पकड़ ली। आग लगते ही घर में मौजूद लोगों ने शोर मचाया, जिसकी आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंच गए और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
उधर सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम और डायल 112 पुलिस भी मौके पर पहुंच गई, हालांकि तब तक ग्रामीण आग बुझा चुके थे। फिर भी गांव पहुुंचकर फायर फाइटर्स ने ग्रामीणों को आग से बचाव और उस पर काबू पाने के उपाय बताए। उन्होंने कहा कि लोग समय-समय पर गैस सिलेंडर के पाइप को बदलते रहें और सिलेंडर में आग लगने पर घबराने के बजाय तुरंत उसके ऊपर पानी से भीगा हुआ कपड़ा डाल दें, जिससे आग पर काफी हद तक काबू पाया जा सकता है।
फायर फाइटर्स ने ग्रामीणों से यह भी अपील की कि आग लगने की किसी भी घटना की सूचना तत्काल फायर ब्रिगेड और नजदीकी पुलिस को दें, ताकि समय रहते दमकल की गाड़ी मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पा सके।










