सिकंदराराऊ। कोतवाली हसायन क्षेत्र के गांव पिछौती निवासी एक 27 वर्षीय युवक सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गया। आनन फानन में परिजन उसे उपचार के लिए आगरा ले जा रहे थे। रास्ते में युवक की मौत हो गई। युवक की मौत से परिजनों में चीत्कार मच गया और गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
बताया जाता है कि गांव पिछौती निवासी 27 वर्षीय प्रशांत राना पुत्र सुधीर कुमार राना एक शादी में शामिल होने को अपनी कार से थाना हाथरस जंक्शन क्षेत्र के सलेमपुर जा रहे थे। जैसे ही वह निर्माणाधीन हाईवे पर पहुंचे। तभी वहां पड़े गिट्टी के ढेर पर अचानक कार चढ़ गई । जिससे कार अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में प्रशांत गंभीर रूप से घायल हो गया। आनन फानन में परिजन उन्हें उपचार के लिए आगरा ले जा रहे थे। रास्ते में युवक ने दम तोड़ दिया। युवक की मौत से परिजनों में हाहाकर मच गया। परिजनों ने बिना पुलिस को सूचना दिए मृतक के शव का गमगीन माहौल में अंतिम संस्कार कर दिया। युवक की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।










