ट्रांसफार्मर की फटी बॉडी ,क्षेत्र की विद्युत आपूर्ति हुई बाधितसिकंदराराऊ। कस्बा हसायन के मोहल्ला अहिरान में स्थित 33/11 केवी विद्युत उपकेंद्र के विद्युत ट्रांसफॉर्मर पर एक नामजद ने लोहे का छल्ला डाल दिया। जिससे ट्रांसफार्मर की बॉडी फट गई और क्षेत्र की विद्युत आपूर्ति ठप हो गई। अवर अभियंता द्वारा जब इसका विरोध किया गया तो आरोपी अवर अभियंता एवं अन्य कर्मियों को गाली गलौज कर मौके से भाग गया । अवर अभियंता ने कोतवाली में नामजद आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
अवर अभियंता इकरार ने दर्ज कराई रिपोर्ट में कहा है कि 31 अक्टूबर की रात्रि को कस्बा के मोहल्ला अहिरान निवासी भुल्ला उर्फ चन्द्रपाल पुत्र विजयपाल ने 33/11 विद्युत उपकेंद्र की आपूर्ति ठप करने के लिए ट्रांसफार्मर पर लोहे के तार का छल्ला फेंक दिया। जिससे बिजली घर पर ब्रेक डाउन हो गया और ट्रांसफार्मर की बॉडी तेज आवाज के साथ फट गई तथा उसमें से तेल निकलने लगा। ट्रांसफार्मर के फट जाने से क्षेत्र की विद्युत आपूर्ति बाधित हो गई। घटना की सूचना पाकर वह मौके पर पहुंचे । जहां अंधेरे में निकल कर आरोपी उनसे एवं कर्मचारियों से गाली गलौज करते हुए एवं जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से भाग गया। रिपोर्ट दर्ज होने के बाद पुलिस ने मामले में जांच शुरू कर दी है।











