चोरों ने महज तीन दिनों में दो बाइक चोरी की घटनाओं को दिया अंजाम
सिकंदराराऊ। कस्बा में बाइक चोरों के हौसले बुलंद हैं । चोर आए दिन घटनाओं को बेखौफ होकर अंजाम दे रहे हैं। पुलिस इन पर अंकुश नहीं लगा पा रही है। चोरों ने महज तीन दिनों में दो बाइकों को बेखौफ होकर पार कर दिया। चोरों ने शुक्रवार को मोहल्ला सराय उम्दा बेगम निवासी विश्व हिंदू परिषद के प्रखंड मंत्री की बाइक को पार कर दिया। पीड़ित ने अज्ञात बाइक चोरों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराने को कोतवाली में तहरीर दी है।
बतादें कि बुधवार को पंत चौराहे के निकट स्थित डाकघर के बाहर खड़ी एक छात्र की बाइक को एक चोर बड़ी आसानी से चुराकर ले गया। घटना डाकघर एवं उसके आस पास लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। वहीं चोरों ने शुक्रवार की सुबह कस्बा के मोहल्ला सराय उम्दा बेगम स्थित शैलानी कॉलोनी निवासी एवं विश्व हिंदू परिषद के प्रखंड मंत्री मोनू माहेश्वरी की बाइक को भी दिन दहाड़े पार कर दिया। मोनू ने दी तहरीर में कहा है कि वह प्रतिदिन की भांति शुक्रवार की सुबह करीब 5 बजे अपनी बाइक को घर के बाहर खड़ी कर मित्रों के साथ टहलने के लिए गए थे। कुछ समय बाद जब वह वापस लौटे तो घर के बाहर खड़ी उनकी बाइक गायब थी। आसपास काफी तलाश करने के बाद भी बाइक का कोई सुराग नहीं मिला। तहरीर मिलने के बाद पुलिस बाइक चोरों की तलाश में जुट गई है ।












