हाथरस। नगर पालिका परिषद की अध्यक्ष श्वेता चौधरी द्वारा नगर को स्वच्छ, सुंदर एवं जलभराव मुक्त बनाए रखने के उद्देश्य से रात्रिकालीन सफाई अभियान का लगातार निरीक्षण किया जा रहा है। इसी क्रम में देर रात्रि उन्होंने शहर के विभिन्न प्रमुख मार्गों, बाजारों एवं वार्डों का भ्रमण कर सफाई व्यवस्था का जायजा लिया। साथ ही उन्होंने पंपिंग स्टेशन का भी निरीक्षण कर वहां संचालित व्यवस्थाओं एवं जल निकासी कार्यों की समीक्षा की तथा संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान पालिकाध्यक्ष ने रात्रिकालीन सफाई कार्य, कूड़ा उठान, नालियों की सफाई एवं सार्वजनिक स्थलों की स्वच्छता का बारीकी से निरीक्षण किया। वहीं पंपिंग स्टेशन पर मशीनों की कार्यप्रणाली, जल निकासी व्यवस्था तथा आपात स्थिति में त्वरित संचालन की तैयारियों का भी अवलोकन किया। उन्होंने निर्देश दिए कि शहर में कहीं भी जलभराव अथवा गंदगी की स्थिति उत्पन्न न होने पाए और सभी व्यवस्थाएं पूरी सतर्कता एवं गुणवत्ता के साथ संचालित की जाएं।
पालिकाध्यक्ष श्वेता चौधरी ने कहा कि नगरवासियों को स्वच्छ, सुरक्षित एवं बेहतर वातावरण उपलब्ध कराना नगर पालिका की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसी उद्देश्य से वह स्वयं देर रात्रि तक मैदान में रहकर सफाई व्यवस्था एवं पंपिंग स्टेशन की निगरानी कर रही हैं, ताकि किसी भी प्रकार की लापरवाही न हो और नगर की व्यवस्थाएं सुचारु रूप से संचालित होती रहें।उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि रात्रिकालीन सफाई कार्य नियमित रूप से जारी रखा जाए तथा पंपिंग स्टेशन की सभी मशीनें हर समय पूर्ण क्षमता के साथ क्रियाशील रहें, जिससे वर्षा अथवा अन्य परिस्थितियों में जल निकासी व्यवस्था प्रभावित न हो।









