श्री रामकथा एवं श्रीकृष्ण लीला महोत्सव की तैयारियों ने पकडी गति, समिति पदाधिकारियों को सौंपी गई जिम्मेदारियां

कस्बा के ऐतिहासिक श्री रामलीला मैदान में आगामी 1 अगस्त से 11 अगस्त तक आयोजित होने वाली अतुल कृष्ण भारद्वाज द्वारा श्री रामकथा एवं प्रदीप कृष्ण ठाकुर जी द्वारा श्रीकृष्ण लीला महोत्सव की तैयारियां तेज हो गई हैं। आयोजन को सफल एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से कार्यक्रम संयोजक आचार्य खगेंद्र शास्त्री ने एक बैठक आयोजित कर सभी कार्यकर्ताओं एवं पदाधिकारियों को उनके दायित्व सौंपे।
शनिवार को हुई बैठक में आचार्य खगेंद्र शास्त्री ने कहा कि धार्मिक आयोजनों की सफलता सभी के सामूहिक सहयोग, अनुशासन और समर्पण पर निर्भर करती है। उन्होंने मंच व्यवस्था, कथा पंडाल, विद्युत व्यवस्था, पेयजल, प्रसाद वितरण, वाहन पार्किंग, सुरक्षा, अतिथि स्वागत, प्रचार-प्रसार, सफाई एवं श्रद्धालुओं की सुविधाओं से जुड़े विभिन्न कार्यों के लिए अलग-अलग समितियां गठित करते हुए जिम्मेदारियां निर्धारित कीं। उन्होंने सभी पदाधिकारियों से अपने-अपने दायित्वों का पूरी निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ निर्वहन करने का आह्वान किया, ताकि बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। बैठक में उपस्थित कार्यकर्ताओं ने भी आयोजन को सफल बनाने का संकल्प लेते हुए समयबद्ध तरीके से सभी तैयारियां पूर्ण करने का भरोसा दिलाया। कार्यक्रम के दौरान श्रीराम कथा के साथ श्रीकृष्ण लीला का मंचन भी किया जाएगा, जिसका श्रद्धालु प्रतिदिन सायंकाल आनंद ले सकेंगे। इस अवसर पर राकेश शर्मा राजा जी,विजय कुमार शर्मा, संजय उपाध्याय, खगेंद्र शास्त्री कान्हा पंडित सत्य प्रकाश वार्ष्णेय,संतोष वार्ष्णेय, विनोद अग्रवाल मनोज अग्रवाल मदन मोहन अग्रवाल संजय सिंह देवेंद्र प्रधान प्रदीप अग्रवाल डॉक्टर विकास सिंह नरेश कुशवाहा अरविंद वार्ष्णेय,अखिलेश अग्रवाल सौरभ सिंघल कालू पंडित के अलावा कई लोग मौजूद रहे।

sunil sharma
Author: sunil sharma

REPORTER SASNI

Leave a Comment