सिकंदराराऊ। कासगंज रोड स्थित गांव हबीबपुर के निकट सड़क किनारे खड़े होकर बातचीत कर रहे तीन लोगों को एक तेज रफ्तार कार ने टक्कर मार दी । हादसे में तीनों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को अलीगढ़ मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। जहां उपचार के दौरान दो लोगों की मौत हो गई। मृतक के भाई ने कोतवाली में अज्ञात कार चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
थाना हसायन क्षेत्र के गांव खेड़ा सुल्तानपुर निवासी अर्जुन पुत्र ओमप्रकाश ने दर्ज कराई रिपोर्ट में कहा है कि 29 जून की शाम 7:30 बजे करीब उसका भाई रोहताश व उसकी पत्नी सीमादेवी एवं उनके परिचित भूपेन्द्र कुमार पुत्र श्री राधेश्याम निवासी गांव खेमगढ़ी थाना सिकंदराराऊ कासगंज रोड स्थित गांव हबीबपुर के निकट सड़क किनारे बाइक खड़ी कर बातचीत कर रहे थे। तभी कासगंज की ओर से तेज गति से आ रही एक कार ने तीनों लोगों में टक्कर मार दी। हादसे में तीनों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए और बाइक बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई। घायलों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। जहां से चिकित्सकों ने तीनों की हालत गंभीर होने पर अलीगढ़ मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। अलीगढ़ मेडिकल कॉलेज में उपचार के दौरान रोहताश एवं भूपेंद्र की मौत हो गई। वहीं घायल सीमा देवी का उपचार अलीगढ़ मेडिकल कॉलेज में चल रहा है। रिपोर्ट दर्ज होने के बाद पुलिस कार चालक की तलाश में जुट गई है।












