सिकंदराराऊ । श्रावण मास में आयोजित होने वाली कांवड़ यात्रा की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) प्रशांत तिवारी ने मंगलवार की शाम को कांवड़ मार्ग का निरीक्षण किया। उन्होंने पंत चौराहे से कासगंज रोड तक लोक निर्माण विभाग, विद्युत विभाग, राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच) और अन्य संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ मार्ग का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान,अधिकारियों ने नव-निर्मित सीमेंटेड सड़क और उसके ऊपर होकर गुजर रही 11 हजार वोल्ट की विद्युत लाइन का अवलोकन किया। अपर जिलाधिकारी ने पाया कि नई सड़क ऊंची बनने के कारण विद्युत लाइन सड़क के काफी निकट आ गई है। इस स्थिति से कांवड़ यात्रा के दौरान डीजे और श्रद्धालुओं की आवाजाही के समय दुर्घटना की आशंका बढ़ गई है। इस गंभीर स्थिति को देखते हुए, एडीएम प्रशांत तिवारी ने सिकंदराराऊ के उपजिलाधिकारी धर्मेंद्र सिंह चौहान समेत विद्युत विभाग के अधिशासी अभियंता, अवर अभियंता, एसडीओ और संबंधित अधिकारियों को तत्काल विद्युत लाइन की ऊंचाई बढ़ाने तथा अन्य आवश्यक सुरक्षा व्यवस्थाएं दुरुस्त करने के निर्देश दिए। एडीएम ने अधिकारियों के साथ विचार-विमर्श कर कांवड़ यात्रियों के लिए अलग मार्ग और सामान्य यातायात के लिए यात्रियों के लिए अलग मार्ग और सामान्य यातायात के लिए पृथक ट्रैफिक रूट निर्धारित करने के भी निर्देश दिए। इसका मुख्य उद्देश्य भीड़भाड़ और संभावित हादसों से बचना है। निरीक्षण के दौरान मार्ग पर पड़ने वाले सभी अंडरपास, संवेदनशील स्थलों और अन्य महत्वपूर्ण बिंदुओं को भी चिन्हित किया गया । जिनके लिए संबंधित विभागों को आवश्यक सुरक्षा इंतजाम सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। इस संबंध में अपर जिलाधिकारी ने बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देशों के अनुरूप कांवड़ यात्रा मार्ग पर सुरक्षा, विद्युत व्यवस्था, यातायात नियंत्रण और अन्य सभी व्यवस्थाएं पूरी तरह चाक-चौबंद रखी जाएंगी। सिकंदराराऊ से कासगंज सीमा तक पूरे मार्ग का गहन निरीक्षण कर संभावित जोखिम वाले स्थानों की पहचान की जा रही है, ताकि कांवड़ यात्रियों को कोई असुविधा न हो और यात्रा सुरक्षित एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके। निरीक्षण के दौरान एसडीएम धर्मेंद्र सिंह चौहान के साथ लोक निर्माण विभाग, राष्ट्रीय राजमार्ग, विद्युत विभाग और अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।












