
हाथरस। थाना हाथरस जंक्शन रेलवे स्टेशन के निकट एक बुजुर्ग व्यक्ति का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंच गई और घटनास्थल का निरीक्षण कर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। प्रारंभिक तौर पर शव की पहचान नहीं हो सकी थी, जिसके चलते पुलिस ने मृतक की शिनाख्त के प्रयास शुरू किए। बाद में मृतक की पहचान 60 वर्षीय यादराम पुत्र मवासीराम निवासी कस्बा मेंडू के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार यादराम लंबे समय से हाथरस जंक्शन रेलवे स्टेशन के आसपास जूते-चप्पलों की मरम्मत का कार्य कर अपना जीवन यापन करते थे। वह अविवाहित थे और क्षेत्र के लोगों के बीच एक सामान्य एवं शांत स्वभाव के व्यक्ति के रूप में जाने जाते थे। शव मिलने की सूचना के बाद आसपास के लोगों की भीड़ मौके पर एकत्र हो गई।
मृतक की पहचान होने के बाद परिजन पोस्टमार्टम गृह पहुंचे और शव की पुष्टि की। परिजनों ने किसी भी प्रकार की अनहोनी, विवाद या संदिग्ध परिस्थितियों की संभावना से साफ इनकार किया है। उनका कहना है कि मृतक का किसी से कोई विवाद नहीं था और वह सामान्य जीवन व्यतीत कर रहे थे।फिलहाल, पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।












