
सिकंदराराऊ । ट्रेनों से यात्रियों के चोरी किए स्वर्ण आभूषण खरीदने के मामले में रविवार को कस्बा के तिराहा बाजार में स्थित एक दुकान पर मध्य प्रदेश के ग्वालियर जीआरपी पुलिस ने पकड़े गए आरोपी की निशानदेही पर दबिश दी ।
मध्य प्रदेश के ग्वालियर जीआरपी पुलिस से सुभाष पाराशर ने बताया कि दो माह पूर्व शिवपुरी के निकट ट्रेन में सवार एक महिला के आभूषण चोरी किए गए थे। पीड़िता द्वारा मामले की रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। जी आर पी पुलिस ने उक्त मामले में कोतवाली क्षेत्र के गांव नगला महासिंह दो युवकों को पकड़ लिया। पूछताछ में पकड़े गए आरोपियों ने बताया कि उन्होंने चोरी किए आभूषण सिकंदराराऊ में बेचे हैं । रविवार की शाम को जी आर पी पुलिस अपने साथ दोनों आरोपियों को लेकर सिकंदराराऊ पहुंची । जहां आरोपी ने तिराहा बाजार पर पहुंचकर एक दुकानदार की ओर इशारा कर दिया। इशारा मिलते ही जी आर पी पुलिस हरकत में आ गई । जीआरपी पुलिस ने घंटों तक उक्त दुकानदार से पूछताछ की । जिससे बाजार में भीड़ एकत्रित हो गई । बाद में जी आर पी पुलिस वहां लगे सीसीटीवी कैमरो की फुटेज को खंगालने में जुट गई।









