नाले में मिला पत्रकार का शवःसनसनीःहत्या की आशंका

सहपऊ- कोतवाली क्षेत्र में आज उस वक्त भारी हड़कंप मच गया, जब सादाबाद जलेसर रोड़ पर नगला ब्राह्मण और मढ़ाका गांव के बीच बह रहे गंदे नाले में एक युवक का शव पड़ा मिला। सुबह शव दिखाई देने पर क्षेत्र के ग्रामीणों की मौके पर भारी भीड़ लग गई और घटना की सूचना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही थाना पुलिस और पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंच गए। वहीं पुलिस ने शव को नाले से बाहर निकलवाकर जांच शुरू की और शुरु में मृतक की पहचान नहीं हो सकी लेकिन बाद में उसकी शिनाख्त एक पत्रकार के रूप में की गई है।
बताया जाता है थाना क्षेत्र के सादाबाद जलेसर रोड पर गांव नगला ब्राह्मण के पास आज गंदे नाले में एक युवक करीब 40 वर्षीय का शव पड़ा मिलने से क्षेत्र में भारी सनसनी फैल गई और सूचना पाकर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। वहीं मृतक युवक की शिनाख्त कराने पर उसकी पत्रकार वेदप्रकाश शर्मा उर्फ सोनू पंडित निवासी दिल्ली वाला चैक गली राधामनोहर हाथरस के रूप में हुई है और मृतक एक पत्रकार परिवार से संबंध रखते थे। मौके पर मौजूद लोगों के अनुसार मृतक के सिर और पैरों पर चोट के निशान पाए गए हैं। ऐसे में आशंका जताई जा रही है कि युवक की हत्या कर शव को नाले में फेंका गया है। बताया जाता है पुलिस को घटनास्थल एक क्षतिग्रस्त मोबाइल फोन भी मिला है। जिससे घटना की जांच में अहम सुराग मिलने की उम्मीद है। फॉरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए हैं। वहीं पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारण स्पष्ट हो सकेंगे। सीओ अमित पाठक ने बताया कि पुलिस सभी पहलुओं पर गंभीरता से जांच कर रही है। साथ ही मृतक के मोबाइल फोन और अन्य सुरागों के आधार पर घटना की सच्चाई तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है। शव की पहचान होने के बाद पुलिस टीम मृतक के घर पहुंच गई और पीडित परिवार को न्याय का भरोसा देते हुए घटना की जांच में जुट गई है।

Dainik Lalsa
Author: Dainik Lalsa

Leave a Comment