सासनी-विजयगढ़ मार्ग पर स्थित यूनियन पब्लिक स्कूल में होली का पावन पर्व बड़े ही उत्साह, सांस्कृतिक गरिमा और उल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर विद्यालय परिसर को रंग-बिरंगे पोस्टरों और सजावट से दुल्हन की तरह सजाया गया था। चारों ओर विद्यार्थियों की हंसी और खुशी का माहौल नजर आया।
शनिवार को उत्सव का शुभारंभ विभिन्न प्रतियोगिताओं से हुई। विद्यार्थियों ने रंगोली प्रतियोगिता और होली संदेश लेखन गतिविधियों में अपनी रचनात्मकता का प्रदर्शन किया। कला के माध्यम से छात्रों ने सामाजिक एकता और त्योहार के विविध रंगों को कागज और आंगन पर उकेरा। विद्यालय के डायरेक्टर आकाश सिंह व माधुरी राजावत ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का संबोधन किया। उन्होंने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा होली केवल रंगों का त्योहार नहीं, बल्कि आपसी प्रेम, भाईचारे और सद्भाव का प्रतीक है। हमें प्राकृतिक रंगों का उपयोग करना चाहिए और जल संरक्षण के प्रति सजग रहना चाहिए। प्रधानाचार्या अर्शी अजीज ने समाज में होली की भूमिका पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह त्योहार पुराने मतभेदों को भुलाकर गले मिलने और एकता बढ़ाने का माध्यम है। वहीं, उप प्रधानाचार्य प्रमोद प्रताप सिंह ने विद्यार्थियों को जीवन से नकारात्मकताकृईर्ष्या, द्वेष और क्रोधकृको त्याग कर क्षमा और सकारात्मकता अपनाने की सीख दी। कार्यक्रम के अंत में पूरे विद्यालय परिवार ने एक-दूसरे को अबीर-गुलाल लगाकर होली की शुभकामनाएं दीं। शिक्षकों और विद्यार्थियों के बीच इस स्नेहपूर्ण मिलन ने एकता और आनंद का एक सुंदर उदाहरण प्रस्तुत किया। अंत में सभी ने सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण होली मनाने का संकल्प लिया।









