काॅस्मेटिक स्टोर में लगी भीषण आग: लाखों का नुकसान

हाथरस। शहर के सरक्यूलर रोड स्थित चैतन्य कॉम्प्लेक्स में बीपी रात्रि को एक कॉस्मेटिक आइटम एवं मेडिकल स्टोर में आग लग जाने से जहां पूरे क्षेत्र भारी हड़कंप मच गया। वहीं फर्म स्वामी को लाखों रुपए का नुकसान हो गया। आग लगने की सूचना पाकर मौके पर पूरी मार्केट के दुकानदारों के साथ फायर ब्रिगेड की गाड़ियां पहुंच गई और आग पर जैसे तैसे काबू पाया गया।
बताया जाता है शहर के बुर्ज वाला कुआं निवासी रिंकू अग्रवाल पुत्र स्वर्गीय विशंभर दयाल अग्रवाल की सरक्यूलर रोड पर चैतन्य कॉम्पलैक्स में फस्र्ट फ्लोर पर शिवांगी एजेंसी के नाम से कॉस्मेटिक सामानों एवं मेडिकल स्टोर की दुकान है और वह रोजाना की तरह अपनी दुकान को बढ़ाकर अपने घर गए थे और बीती रात्रि को करीब 9 बजे दुकान में अचानक आग लग गई।
बताया जाता है कॉम्प्लेक्स की पहली मंजिल पर स्थित स्टोर में शॉर्ट सर्किट के कारण लगी आग ने देखते ही देखते विकराल रुप ले लिया और आसपास की दुकानों को भी खतरा बढ़ गया।
आग की लपटें और धुआं उठते देख वहां मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। आग तेजी से फैली और पूरे परिसर में भारी धुआं भर गया।
घटना की स्थानीय लोगों ने तत्काल फर्म स्वामी व अन्य दुकानदारों और फायर स्टेशन को सूचना दी। सूचना मिलते ही दुकानदार मौके पर पहुंच गये और फायर ब्रिगेड की गाड़ियां भी घटनास्थल पर पहुंच गईं। फायर ब्रिगेड कर्मचारियों द्वारा कड़ी मेहनत कर आग पर जैसे तैसे काबू पाया। वहीं आग बुझाने में पूरे मार्केट के दुकानदार भी जुटे रहे। लेकिन तब तक आग से दुकान में भारी नुकसान हो गया। शिवांगी एजेंसी संचालक को आगजनी की घटना में लाखों रुपए का नुकसान होने का अनुमान जताया जा रहा है। हालांकि अभी नुकसान का आकलन नहीं हो सका है।

Dainik Lalsa
Author: Dainik Lalsa

Leave a Comment