कोर्ट से लौट रहे सेना के जवान की दिनदहाड़े ताबड़तोड़ फायरिंग कर हत्या

सादाबाद। कोतवाली क्षेत्र के आगरा अलीगढ़ रोड पर एक कोल्ड स्टोरेज के निकट आज दिनदहाड़े कोर्ट से पेशी कर लौट रहे सेना के एक जवान पर अज्ञात हमलावरों द्वारा ताबड़तोड़ फायरिंग कर उसे मौत के घाट उतार देने से पूरे क्षेत्र में भारी हड़कम्प मच गया। घटना की खबर से मौके पर जहां क्षेत्रीय लोगों की भारी भीड़ लग गई। वहीं पुलिस कप्तान, अपर पुलिस अधीक्षक, सीओ सहित तमाम पुलिस फोर्स पहुंच गई। अज्ञात हमलावरों की तलाश में पुलिस की पांच टीमें गठित की गई है, जो कि हमलावरों की तलाश में जुट गई है। वहीं मृतक के शव को पुलिस द्वारा पोस्टमार्टम हेतु भिजवाया गया है। घटना से मृतक के परिवार में भारी कोहराम मचा हुआ है।। बताते हैं कोतवाली क्षेत्र के गांव समदपुर निवासी रिटायर्ड सैनिक देवेंद्र सिंह के करीब 28 वर्षीय बेटे अखिलेश आगरा कैंट में सेना की इंजीनियरिंग विंग में तैनात थे। जबकि उनके दामाद भी सेना में है। पिता देवेंद्र वर्तमान में जम्मू-कश्मीर में दामाद के पास गए हुए हैं।अखिलेश आज आगरा से हाथरस न्यायालय में एक मुकदमे की तारीख के सिलसिले में पेशी पर आये थे। दोपहर में लौटते समय जब वह घर से लगभग एक किलोमीटर की दूरी पर पहुंचे, तभी एक कार ने उनकी गाड़ी को ओवरटेक कर रोक लिया। जैसे ही अखिलेश ने कार रोकी और हमलावरों ने ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी।

बताते हैं हाइवे पर दिनदहाड़े फायरिंग के दौरान कार का टायर फट गया, जिससे गाड़ी रुक गई और शीशा भी टूट गया। जान बचाने के लिए सैनिक कार छोड़कर भागा, तो हमलावरों ने दौड़ाकर पैर में गोली मारी, सीने और सिर में चार से पांच गोलियां मारी हैं। गोली लगने के बाद वह चिल्लाने लगा।फायरिंग की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके की ओर दौड़े, लेकिन तब तक हमलावर फरार हो चुके थे। अज्ञात हमलावरों द्वारा की गई अंधाधुंध फायरिंग से पूरे क्षेत्र में भारी दहशत फैल गई। वहीं सेना के जवान की मौके पर ही मौत हो गई।। । घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस के साथ-साथ पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा, अपर पुलिस अधीक्षक रामानन्द कुशवाहा और सीओ अमित पाठक मौके पर पहुंच गये। पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया।वहीं फॉरेंसिक टीम ने भी मौके पर पहुंचकर जांच-पड़ताल की। पुलिस द्वारा सैनिक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस हमलावरों की तलाश में जुट गई है और मृतक सैनिक के पुराने रिकॉर्ड की भी जांच की जा रही है।। बताया जाता है बुआ के बेटे नितिन चौधरी ने बताया कि अखिलेश की कुछ लोगों से पुरानी रंजिश चल रही थी। गांव समदपुर के ही कुछ लोगों से विवाद के चलते इस हत्या को अंजाम दिया गया है। नितिन चौधरी के अनुसार अखिलेश आज कोर्ट में तारीख के लिए गया था, इसी दौरान उसकी गोली मारकर हत्या कर दी गई।


बताते हैं हमलावरों ने आगरा-अलीगढ़ नेशनल हाईवे पर गाड़ी रोककर कई राउंड फायरिंग की, जिसमें अखिलेश को कई गोलियां लगीं हैं। गोली चेहरे और सिर पर भी लगी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा कि कुल कितनी गोलियां लगी हैं। बताते हैं हमलावरों की संख्या चार से पांच थे और सभी ने अपने चेहरे मफलर से ढक रखे थे और अंधाधुंध फायरिंग कर रहे थे। पहले उन्होंने ओवरटेक करते समय मृतक की गाड़ी के टायर में गोली मारी। जब अखिलेश कार से उतरकर भागा, तो उस पर लगातार गोलियां चलाई गईं। बताते हैं मृतक सैनिक शादीशुदा था और उसके एक बच्चा है। वह अपने पिता का इकलौता बेटा था। दिनदहाड़े हुई इस हत्या से पूरा इलाका दहल गया और वारदात को अंजाम देकर हमलावर मौके से फरार हो गए।।
घटना को लेकर पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा ने बताया कि कोर्ट से पेशी के बाद लौटते समय आगरा अलीगढ़ नेशनल हाईवे-502 पर सेना में तैनात युवक को अज्ञात हमलावरों ने गोली मार दी। उसे उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। घटना के खुलासे के लिए एसओजी टीम सहित 5 पुलिस टीमों का गठन कर दिया गया है और सीसीटीवी फुटेज खंगाली जा रही है। आरोपियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्यवाही की जाएगी। हमलावरों को तेजी से तलाश किया जा रहा है और शीघ्र ही उनकी गिरफ्तारी की जाएगी।

Dainik Lalsa
Author: Dainik Lalsa

Leave a Comment