आरोपी ने गाली गलौज कर अवर अभियंता एवं टीम के साथ की अभद्रता

अनूप शर्मा
सिकंदराराऊ। कोतवाली क्षेत्र के गांव पचपेरा में विद्युत विभाग के की टीम को एक मकान में बिजली चोरी का वीडियो बनाना महंगा पड़ गया । आरोपी ने गाली गलौज कर टीम के साथ अभ्रदता कर जान से मारने की धमकी दी । विद्युत विभाग के अवर अभियंता ने कोतवाली में एक नामजद आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
अवर अभियंता सुरेंद्र पाल सिंह ने दर्ज कराई रिपोर्ट में उल्लेख किया है कि उनकी तैनाती 33/11 उपकेंद्र भिसी मिर्जापुर में है । वह उच्च अधिकारियों के निर्देश पर गत 9 जनवरी की दोपहर तीन बजे करीब गांव पचपेरा में विद्युत चोरी के मामले में नोटिस देने को गए थे। जहां लौंगश्री पत्नी रामस्वरूप के परिसर में पाया गया कि संयोजन के मीटर की केबिल से अतिरिक्त अन्य केबिल से विद्युत चोरी की जा रही थी । अवर अभियंता द्वारा विद्युत चोरी का वीडियो बनाया जा रहा था । तभी सत्येंद्र उर्फ बंटू पुत्र रामस्वरूप ने अवर अभियंता एवं टीम के साथ गाली गलौज कर अभद्रता कर दी और सरकारी कार्य में बाधा डाल दी तथा जान से मारने की धमकी दी । अवर अभियंता टीम के साथ वापस उपकेंद्र लौट गए। बाद में सत्येंद्र उर्फ बंटू बिजली घर पर पहुंच गया और जहां उसने लाइनमैन सहदेव को गाली गलौज की । जब लाइनमैन द्वारा गाली गलौज का मोबाइल द्वारा वीडियो बनाया गया तो आरोपी ने लाइनमैन के साथ अभद्रता कर जबरन वीडियो डिलीट कर दी । रिपोर्ट दर्ज होने के बाद पुलिस ने मामले में विवेचना शुरू कर दी है।











