
सिकंदराराऊ। कस्बा हसायन के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का गुरुवार को मुख्य चिकित्साधिकारी
ने आकस्मिक निरीक्षण किया। जिससे कर्मचारियों में खलबली मच गई । इस दौरान केंद्र पर कई अनियमितताएं पाई गईं और कुछ स्वास्थ्यकर्मी अनुपस्थित मिले।
गुरुवार की दोपहर एक बजे करीब सीएमओ डॉ वेद प्रकाश ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र हसायन का औचक निरीक्षण किया।जिससे कर्मचारियों में हड़कंप मच गया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने बीपीएचयू यूनिट का जायजा लिया, जहां उपकरण खराब पाए गए। उन्होंने लैब टेक्नीशियन से भी जानकारी ली। दवा वितरण कक्ष में मुख्य फार्मासिस्ट विजय कुमार शर्मा और दीपेंद्र सिंह सेंगर से दवाओं के वितरण पर चर्चा की और मरीजों के ऑनलाइन पर्चे बनाने के निर्देश दिए। नेत्र परीक्षण कक्ष में कोई कर्मचारी तैनात नहीं मिला। इस पर सीएमओ ने बीपीएम निशांत यादव से जानकारी ली। निशांत यादव ने बताया कि नेत्र परीक्षण अधिकारी सिकंदराराऊ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर तैनात हैं और हसायन केंद्र पर सप्ताह में दो दिन कार्य करने आते हैं। ओपीडी में राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम (आरबीएस) टीम की महिला आयुष चिकित्सक डॉ. शबनम मरीजों को परामर्श दे रही थीं। सीएमओ ने उनसे आरबीएस टीम के बजाय ओपीडी में ड्यूटी करने का कारण पूछा। डॉ. शबनम ने बताया कि प्रभारी चिकित्साधिकारी ने चिकित्सकों की कमी के कारण उनकी ड्यूटी ओपीडी में लगाई है। निरीक्षण के दौरान चिकित्सक कक्ष में दंत चिकित्सक का सामान मिला, लेकिन उसके उपयोग न होने पर सीएमओ ने जानकारी मांगी। आयुष चिकित्सक (आरबीएस टीम) डॉ. अभिनव और एक महिला स्वास्थ्यकर्मी मीरा शर्मा अनुपस्थित पाए गए। प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. प्रकाश मोहन निमेष भी निरीक्षण के दौरान मौजूद नहीं थे।
सीएमओ ने बताया कि सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर चिकित्सकों की कमी है, जिसे दूर कर व्यवस्था को सुदृढ़ किया जाएगा।












