सिकंदराराऊ । कस्बा की कृष्णा बिहार कॉलोनी में एक महिला ने अपनी पुत्रवधू और उसके मायके पक्ष के लोगों पर घर में घुसकर मारपीट करने, बंधक बनाने तथा जेवरात व नकदी लूटने का आरोप लगाया है। पीड़िता ने कोतवाली में न्यायालय के आदेश पर पुत्रवधू समेत चार नामजद एवं तीन – चार अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
कृष्णा बिहार कॉलोनी निवासी मीना कुमारी पत्नी अतर सिंह ने दर्ज कराई रिपोर्ट में कहा है कि 20 जनवरी की रात्रि 10 बजे करीब उनकी पुत्रवधू वल्तिका जयन्त ने अपने मायके पक्ष के लोगों को घर बुलाया और दरवाजा खुलवाया।मीना कुमारी के अनुसार, दरवाजा खुलने के बाद कई लोग घर में घुस आए। उन्होंने परिवार के सदस्यों को बंधक बना लिया और उनके साथ मारपीट की। जब परिवार वालों ने इसका विरोध किया, तो आरोपियों ने तमंचा दिखाकर जान से मारने की धमकी दी। आरोपियों ने अलमारी की चाबी छीन ली और उसमें रखे सोने के हार, चूड़ियां, अंगूठियां, चैन समेत अन्य आभूषण तथा 58 हजार रुपए नकद लूट लिए। इस दौरान उनके पति अतर सिंह, जो मानसिक और शारीरिक रूप से अस्वस्थ है उनके साथ भी मारपीट की गई । रिपोर्ट में रमेश चंद्र जयंत पुत्र लक्ष्मण सिंह, पुत्रवधू वल्तिका , मंजू जयंत पत्नी रमेश चंद्र जयंत , मंजू जयंत का छोटा भाई निवासीगण कालिंदी बिहार 100 फुटा रोड टेड़ी बगिया आगरा एवं तीन – चार अन्य अज्ञात को नामजद किया है। उक्त घटना घर के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हुई है। रिपोर्ट दर्ज होने के बाद पुलिस ने मामले में विवेचना शुरू कर दी है।












