
हाथरस। जनपद के मथुरा-बरेली नेशनल हाईवे पर आज सुबह एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। जयपुर से बरेली जा रही एक डबल डेकर बस सड़क किनारे खड़ी थी, तभी जवार टोल प्लाजा के पास तेज रफ्तार ट्रक ने पीछे से बस में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बस में बैठे यात्रियों में चीख-पुकार मच गई और मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
बताया जाता है बस में करीब 50 से अधिक यात्री सवार थे। हादसे में 15 से अधिक लोग घायल हो गए, जिनमें महिलाएं और बच्चे भी शामिल हैं। सूचना मिलते ही पुलिस और एंबुलेंस मौके पर पहुंच गई तथा घायलों को जिला अस्पताल भेजा गया। घायलों में नूर हसन, सरताज जहां, साजिया समेत कई यात्री हैं।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ट्रक चालक तेज रफ्तार में था और नियंत्रण खो बैठा, जिसके कारण यह हादसा हुआ। दुर्घटना के बाद ट्रक चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। हादसे के कारण हाईवे पर कुछ देर तक यातायात भी प्रभावित रहा।












