मालभाड़े में वृद्धि नहीं की तो सभी प्रकार की लोडिंग-अनलोडिंग कर देंगे बन्द

हाथरस। देश में पेट्रोल और डीजल की कीमतों में एक बार फिर बढ़ोतरी की गई है। दिल्ली में पेट्रोल 87 पैसे महंगा होकर ₹99.51 प्रति लीटर पहुंच गया है।जबकि डीजल 91 पैसे प्रति लीटर महंगा हुआ है। इसके दाम ₹92.49 पर पहुंच गए हैं। वही पेट्रोल डीजल के दामों में लगातार वृद्धि होने से ट्रांसपोर्टरों में भारी आक्रोश व्याप्त हो गया है और ट्रांसपोर्टरों ने आज बैठक कर चेतावनी दी है कि अगर उनके माल भाड़े में वृद्धि नहीं की गई तो वह बड़ा आंदोलन करेंगे और माल की लोडिंग व अनलोडिंग को बंद कर देंगे।। आज तीसरी बार डीजल के दामों में 91 पैसे की वृद्धि होने से ट्रांसपोर्ट कारोबारियों को झटका लगा है और उनके माथे पर चिंता की लकीरें खींचने लग गई हैं। वही डीजल के दामों में की गई वृद्धि को लेकर आज हाथरस गुड्स ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष एवं पश्चिमी उत्तर प्रदेश प्रभारी नवजोत शर्मा के नेतृत्व में ट्रांसपोर्टरों द्वारा बैठक की गई। जिसमें डीजल के रेट में मूल्यवृद्धि को लेकर भारी आक्रोश व्यक्त किया गया और ट्रांसपोर्टरों ने चेतावनी देते हुए कहा कि अगर यह वृद्धि ऐसे ही जारी रही तो ट्रांसपोर्ट कारोबार ठप्प हो जाएगा और बंद होने की कगार पर पहुंच जायेगा।। इस दौरान ट्रांसपोर्टरों ने कहा कि ट्रांसपोर्ट कारोबारी आगामी 1 जून से माल भाड़ा में वृद्धि करेंगे और उनका माल भाड़ा नहीं बढ़ाया गया तो वह बड़े आंदोलन के लिए बाध्य होंगे। साथ ही सभी प्रकार के खाद्य पदार्थ , दवायें, अन्य कच्चे खाद्य वस्तुओं आदि की लोडिंग अनलोडिंग व ट्रांसपोर्टिंग बंद करने को बाध्य होंगे।। ट्रांसपोर्टरो ने कहा कि कोविड़ काल के दौरान ट्रांसपोर्टरों व ट्रक चालकों आदि द्वारा अपना पूर्ण सहयोग देते हुए प्रशासन, जनता, व्यापारियों आदि की सेवा की गई थी और सभी के हित में अपनी चिंता ना करते हुए खाद्य सामग्री आदि की ट्रांसपोर्टेशन की गई थी। वही ट्रांसपोर्टरों ने आज समस्त आमजनों, व्यापारियों, प्रशासन से उक्त मुद्दे पर सहयोग की मांग की है। ट्रांसपोर्टरों का यह भी कहना है कि डीजल के दामों में लगातार वृद्धि हो रही है। इसके साथ ही टोलों पर टैक्स में भी लगभग 20 प्रतिशत की वृद्धि कर दी गई है। जबकि गाड़ियों के रेट भारी बढ़ गए हैं और ट्रकों के टायरों की कीमतों में भी काफी बढ़ोतरी कर दी गई है। उनका तर्क है कि जब इन सब चीजों पर मूल्यवृद्धि हो सकती है तो दिन-रात आमजनों की सेवा करने वाले ट्रांसपोर्टरों के माल भाड़े में वृद्धि क्यों नहीं की जा सकती है। उन्होंने अंत में फिर से मांग की है कि 1 जून से सभी ट्रांसपोर्टर अपने माल भाड़े के रेट में वृद्धि करेंगे और अगर उनके माल भाड़े में वृद्धि नहीं की गई तो वह बड़े आंदोलन के लिए बाध्य होंगें और सभी प्रकार की लोडिंग अनलोडिंग को बंद करने के लिए मजबूर होंगे।। इस दौरान जिलाध्यक्ष नवजोत शर्मा, जिला महासचिव राहुल गुप्ता, जिला सचिव अमित बंसल, जिला संगठन मंत्री रामकुमार गौड़ बंटी, नीतेश गुप्ता, सचिन ठाकुर, गिरधर शर्मा, मनोज कुमार, पीयूष अग्रवाल, साहब सिंह, मुकेश चौधरी, सैंकी अरोड़ा आदि ट्रांसपोर्टर मौजूद थे।

Dainik Lalsa
Author: Dainik Lalsa

Leave a Comment