
सादाबाद। कोतवाली क्षेत्र के गांव नगला नत्थू नौगांव निवासी एक व्यक्ति की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो जाने से क्षेत्र में भारी सनसनी फैल गई। परिजनों का आरोप है कि युवक को कई दिनों से बंधक बनाकर रखा गया था तथा संपत्ति हड़पने की साजिश रची जा रही थी। अस्पताल से व्यक्ति की मृत्यु की सूचना मिलने के बाद परिवार में कोहराम मच गया है।
कोतवाली क्षेत्र के गांव नगला नत्थू नौगांव निवासी एक पीड़िता निशा चौधरी पत्नी धर्मेंद्र सिंह द्वारा थाना पुलिस को दिए गए प्रार्थना पत्र में आरोप लगाते हुए कहा गया है कि 16 मई को उनके पति धर्मेंद्र सिंह को गांव के कुछ लोगों द्वारा बहला-फुसलाकर अपने साथ ले जाया गया था।
आरोप है कि आरोपितों ने धोखाधड़ी कर कृषि भूमि का फर्जी तरीके से बैनामा करा लिया। इसके बाद से वह संदिग्ध परिस्थितियों में लापता था।परिजनों के अनुसार 22 मई को आरोपित पक्ष की ओर से फोन कर बताया गया कि धर्मेंद्र सिंह आगरा के एक अस्पताल में भर्ती हैं। जब परिजन अस्पताल पहुंचे तो वहां युवक की मौत की सूचना दी गई। घटना के बाद परिवार में चीख-पुकार मच गई।। मृतक के परिजनों ने मामले को हत्या बताते हुए आरोपितों के खिलाफ सख्त कार्यवाही की मांग की है। वहीं प्रभारी निरीक्षक विजय सिंह का कहना है कि प्रार्थना पत्र मिला है। उसके आधार पर मामले की जांच की जा रही है। आगरा पुलिस से तालमेल स्थापित कर शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। रिपोर्ट आने के बाद आगे की विधिक कार्यवाही की जाएगी।












