
सादाबाद-। कोतवाली क्षेत्र के गांव मई निवासी एक व्यक्ति की जनपद मथुरा के दाऊजी बलदेव में बीती रात्रि को एक सड़क हादसे में मौत हो गई। मृतक अपनी पत्नी को दवा दिलवाकर बाइक द्वारा अपने गांव लौट रहे थे, तभी रास्ते में उक्त हादसा घटित हो गया। घटना से परिवार में भारी कोहराम मच गया है।
बताया जाता है कोतवाली क्षेत्र के गांव मई निवासी संजय पुत्र सुम्मेर सिंह बीती रात्रि को अपनी पत्नी को दवा दिलवाकर बाइक से अपने गांव लौट रहे थे, तभी जनपद मथुरा के थाना बलदेव क्षेत्र के अबेरनी चैराहे के पास एक अज्ञात बोलेरो ने उनकी बाइक को पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में संजय ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। टक्कर के बाद अज्ञात बोलेरो चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही थाना बलदेव पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने मृतक की पहचान कर परिजनों को सूचना दी तथा शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। हादसे की खबर मिलते ही गांव मई में संजय के परिवार और ग्रामीणों में दुख का माहौल है। परिजन और ग्रामीण बलदेव के लिए रवाना हो गए। पुलिस फरार बोलेरो चालक की तलाश कर रही है।












