ग्राम पंचायत बरवाना के ग्राम नगला अहीर में राज्यसभा सांसद डा.वाजपेयी की सांसद निधि से

आरसीसी सड़क निर्माण व हाईमास्क सोलर लाइट का भूमि पूजनःसड़क व बारातघर का लोकार्पण

हाथरस- ब्लॉक हाथरस की ग्राम पंचायत बरवाना के ग्राम नगला अहीर में भारतीय जनता पार्टी के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा के सांसद डॉ. लक्ष्मीकांत वाजपेयी की सांसद निधि से 25 लाख रुपए की लागत से बनने जा रही 225 मीटर आरसीसी सड़क निर्माण एवं दो हाई मॉस्क सोलर लाइट की स्वीकृति के उपरांत इनका भूमि पूजन क्षेत्रीय विधायक वीरेन्द्र सिंह राणा, ब्लॉक प्रमुख श्रीमती पूनम पाण्डेय, भाजपा के पूर्व जिला महामंत्री प्रोफेसर चन्द्रशेखर रावल, निवर्तमान भाजपा जिलाध्यक्ष शरद माहेश्वरी, भाजपा केन्द्रीय कार्यालय नई दिल्ली के जितेन्द्र रावल द्वारा किया गया।
इसके साथ ही क्षेत्रीय विधायक वीरेन्द्र सिंह राणा की विधायक निधि से निर्मित 130 मीटर इण्टरलॉकिंग सड़क एवं ब्लॉक प्रमुख श्रीमती पूनम पाण्डेय की निधि से निर्मित बारात घर का लोकार्पण भी किया गया। इस अवसर पर जनता को सम्बोधित करते हुए क्षेत्रीय विधायक वीरेन्द्र सिंह राणा ने सभी ग्रामवासियों को बधाई देते हुए कहा कि यह मेरा सौभाग्य है कि यह गांव मेरे विधानसभा क्षेत्र में आता है। उन्होंने इस गांव की निरन्तर हो रही प्रगति का श्रेय मोदी-योगी के सुशासन को दिया। ब्लॉक प्रमुख श्रीमती पूनम पाण्डेय ने क्षेत्र के सभी ग्राम पंचायतों में विकास किए जाने की अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।
कार्यक्रम में पूर्व जिला महामंत्री प्रोफेसर चन्द्रशेखर रावल ने गांव के विकास को भारतीय जनता पार्टी के जनकल्याणकारी सिद्धांतों एवं पं. दीनदयालउपाध्याय के अन्त्योदय के सिद्धांत को आत्मसात करने का प्रतिफल बताया। निवर्तमान भाजपाजिलाध्यक्ष शरद माहेश्वरी ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी ही एकमात्र ऐसी पार्टी है जो सबका साथ, सबका विकास की बात करती है और उसे धरातल पर क्रियान्वित करने का कार्य करती है। भाजपा के केन्द्रीय कार्यालय नई दिल्ली से पधारे जितेन्द्र रावल ने डॉ. लक्ष्मीकांत वाजपेयी के साथ-साथ सभी विशेषों का आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर ग्राम प्रधान श्रीमती निधि अहेरिया, डॉ. प्रवीनदेव रावत, भाजपा मण्डल अध्यक्ष ठा. सुनील सिंह, मण्डल महामंत्री मुनेश्वर उपाध्याय, राजेन्द्र सिंह रावल, बालकिशन रावल, नीरज अहेरिया, मदन अहेरिया व भोजराज सिंह आदि के अतिरिक्त अनेक ग्रामीणजन उपस्थित थे।

Dainik Lalsa
Author: Dainik Lalsa

Leave a Comment