सासनी कस्बा में मानवता को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है, जहाँ कस्बा की एक मार्केट में एक मंदबुद्धि किशोरी के साथ देर रात छेड़छाड़ की गई। यह घटना 12 मार्च की रात करीब 11 बजे की है, जब एक जागरूक महिला ने आरोपी को किशोरी के साथ अभद्रता करते देख शोर मचा दिया। महिला की सक्रियता के चलते आरोपी मौके से भाग खड़ा हुआ, लेकिन उसकी पूरी करतूत पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुँचकर जांच शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए पीड़ितों द्वारा 16 मार्च को दी गई तहरीर के आधार पर पुलिस ने तत्काल मुकदमा दर्ज कर लिया है। कस्बा इंचार्ज एसआई दीपक शुक्ला के नेतृत्व में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने एक मुख्य अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया है, जिससे गहन पूछताछ की जा रही है। पुलिस प्रशासन ने आश्वासन दिया है कि मामले में संलिप्त अन्य फरार आरोपि की तलाश के लिए दबिश दी जा रही है और उन्हें जल्द ही सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।












