
हाथरस जायंट्स ग्रुप ऑफ हाथरस पहल का अधिष्ठापन समारोह एक रेस्टोरेंट में हर्षोल्लास के साथ आयोजित किया गया। कार्यक्रम में नई कार्यकारिणी को विधिवत शपथ ग्रहण कराया गया।
इस अवसर पर अध्यक्ष श्रीमती नीती बर्मन एवं सचिव श्रीमती ज्योति अग्रवाल ने अपने पद की शपथ लेकर समाजसेवा के प्रति पूर्ण समर्पण का संकल्प लिया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जनपद के एसीएमओ डॉ. राजीव गुप्ता उपस्थित थे। विशिष्ट अतिथि के रूप में बोहरे बृजमोहन शर्मा, अशोक अग्रवाल, श्रीमती गुंजन दीक्षित, मदन मोहन वाष्र्णेय व युनिट डायरेक्टर श्रीमती सीमा वाष्र्णेय समारोह में मंचासीन थी।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि डॉ. राजीव गुप्ता ने अपने संबोधन में कहा कि जायंट्स ग्रुप समाजसेवा के क्षेत्र में सराहनीय कार्य कर रहा है और पहल की नई टीम से स्वास्थ्य, शिक्षा एवं महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्यों की अपेक्षा है। साथ ही उन्होने अंग दान करने का आव्हान कर अंगदान- महादान का नारा भी दिया तथा ग्रुप सदस्यों द्वारा अंगदान से सम्बंधित सभी प्रश्नों का समुचित उत्तर देकर अंगदान के डर को भी दूर किया तथा सभी सदस्यों को सरकार द्वारा आयोजित स्वास्थ्य कार्यक्रम से जुड़ कर समाजसेवा को प्रभावी रूप से अपनाने का आव्हान भी किया।
जायंट्स ग्रुप ऑफ हाथरस पहल की अध्यक्ष श्रीमती नीती बर्मन ने अपने उद्बोधन में कहा कि संस्था का उद्देश्य जरूरतमंदों की सहायता, स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन, पर्यावरण संरक्षण एवं सामाजिक जागरूकता कार्यक्रमों को बढ़ावा देना रहेगा। सचिव श्रीमती ज्योति अग्रवाल ने सभी सदस्यों का आभार व्यक्त करते हुए टीम भावना से कार्य करने का आह्वान किया।
सभी पहल सदस्यों ने सभी को गुलाल लगा कर होली मनाकर भाईचारे का संदेश दिया। कार्यक्रम में शहर के प्रबुद्ध नागरिक, संस्था के सदस्य एवं अन्य अतिथि उपस्थित थे। अंत में धन्यवाद ज्ञापन के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।












