खाद्य टीम की सिकन्द्राराऊ में छापेमारीःतेल व दूध के सैंपल भरे

हाथरस-24 फरवरी। आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन उत्तर प्रदेश लखनऊ के आदेश और जिलाधिकारी द्वारा दिए गए निर्देश क्रम में आगामी त्यौहार होली के अवसर पर आम जनमानस को सुरक्षित खाद्य एवं पेय पदार्थ उपलब्ध कराए जाने हेतु खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा मिलावटी खाद्य पदार्थों के विरुद्ध विशेष अभियान लगातार जारी है। खाद्य विभाग की छापामार कार्यवाही से मिलावट करने वालों में खलबली मची हुई है। उपजिलाधिकारी सिकन्द्राराऊ संजय कुमार के नेतृत्व व निर्देशन में सहायक आयुक्त खाद्य 2 रणधीर सिंह एवं मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी पंकज कुमार गुप्ता के साथ तहसील सिकन्द्राराऊ अंतर्गत अभियान चलाया गया। इस अभियान के अंतर्गत सिकन्द्राराऊ तहसील क्षेत्र अंतर्गत रियाजुद्दीन किराना स्टोर का निरीक्षण किया गया। मौके पर विक्रय के लिए रखे सरसों के तेल का नमूना जांच हेतु लेकर बचा लगभग 20 लीटर सरसों के तेल को सीज कर खाद्य कारोबारकर्ता की अभिरक्षा में दिया गया। इसी क्रम में साईराम ट्रेडर्स से सरसो के तेल का नमूना लेकर बचा 55 किलो सरसों के तेल को मौके पर सीज कर दिया गया। तत्पश्चात कासगंज रोड पर स्थित नरेश डेरी का निरीक्षण किया गया स मौके पर लगभग 1500 किलोग्राम दूध बिक्री हेतु संग्रहित था। मिलावट का संदेह होने पर दूध का एक नमूना जांच हेतु लिया गया। साथ ही मौके पर पाई गई कमियों के आधार पर सुधार नोटिस जारी किया जा रहा है। खाद्य विभाग की टीम ने बाबर डेरी का निरीक्षण कर पनीर का नमूना जांच हेतु लिया गया। उपजिलाधिकारी सिकन्द्राराऊ के साथ खाद्य टीम द्वारा बाजार का निरीक्षण कर व्यापारियो को आवश्यक निर्देश दिए गए स सभी नमूनो को जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा जा रहा है। अग्रिम कार्यवाही रिपोर्ट प्राप्ति के बाद की जाएगी। खाद्य सचल टीम में खाद्य सुरक्षा अधिकारी यदुवीर सिंह, डॉ. विकास कुमार, करतार सिंह, पारुल सिंह और सुरेंद्र कुमार गोड शामिल थे। खाद्य विभाग की छापामार कार्यवाही लगातार जारी रहेगी।

Dainik Lalsa
Author: Dainik Lalsa

Leave a Comment