

सासनी-जलेसर रोड गांव किशनगढी स्थित कैनरा बैंक स्वरोजगार प्रशिक्षण केन्द्र (आरएसईटीआई) परिसर में वित्तीय साक्षरता सप्ताह का सफल आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में कुल 25 अभ्यर्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
केन्द्र के निदेशक सुनील कुमार झा ने बताया कि कार्यक्रम का उद्देश्य प्रतिभागियों को बैंकिंग सेवाओं, डिजिटल भुगतान, बचत की आदत, ऋण सुविधा, बीमा, पेंशन योजनाओं तथा साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक करना था। उपस्थित अभ्यर्थियों को वित्तीय योजना बनाने, सुरक्षित निवेश करने तथा सरकारी योजनाओं का लाभ उठाने के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। इस अवसर पर विशेषज्ञों ने डिजिटल लेन-देन में सावधानी बरतने, ओटीपी साझा न करने तथा धोखाधड़ी से बचाव के उपायों पर भी प्रकाश डाला। प्रतिभागियों ने कार्यक्रम को उपयोगी बताते हुए भविष्य में भी ऐसे जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने की अपेक्षा व्यक्त की। कार्यक्रम के अंत में सभी अभ्यर्थियों को वित्तीय साक्षरता से संबंधित सामग्री वितरित की गई और उन्हें आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित किया गया।












