बैंक प्रबंधक की पहल से स्कूल के कंप्यूटर हुए दुरुस्त, सासनी के छात्रों को मिला तकनीकी शिक्षा का नया अवसर

श्री राधेश्याम स्वर्णकार सरस्वती शिशु विद्या मंदिर में लंबे समय से खराब पड़े कंप्यूटर अब फिर से चालू हो गए हैं। आर्यावर्त बैंक की सब्जी मंडी शाखा, सासनी के प्रबंधक विवेक प्रताप सिंह की निजी पहल से विद्यालय के पांच कंप्यूटरों की मरम्मत कराई गई, जिससे छात्रों की कंप्यूटर शिक्षा में आ रही परेशानी दूर हो गई।

बताया गया कि विद्यालय में तकनीकी संसाधनों के अभाव के कारण छात्रों का कंप्यूटर अभ्यास बाधित हो रहा था। इसकी जानकारी मिलने पर बैंक प्रबंधक विवेक प्रताप सिंह ने सामाजिक दायित्व का निर्वहन करते हुए स्वयं के खर्च पर कंप्यूटरों की मरम्मत कराई। कंप्यूटर ठीक होते ही विद्यालय में अध्ययनरत छात्रों में खासा उत्साह देखने को मिला।अब छात्र पुनः कंप्यूटर शिक्षा प्राप्त कर सकेंगे और शैक्षिक पाठ्यक्रम के साथ-साथ डिजिटल ज्ञान से भी लाभान्वित होंगे। विद्यालय प्रबंधन ने बताया कि यह सहयोग ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थियों के लिए अत्यंत उपयोगी सिद्ध होगा और उन्हें तकनीक से जोड़ने में मदद करेगा। विद्यालय के आचार्य परिवार एवं प्रबंधन समिति ने बैंक प्रबंधक के इस सराहनीय प्रयास के लिए आभार व्यक्त किया। विद्यालय की ओर से कहा गया कि इस प्रकार का सहयोग छात्र हित में मील का पत्थर साबित होगा। इस अवसर पर विद्यालय का समस्त स्टाफ तथा छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

sunil sharma
Author: sunil sharma

REPORTER SASNI

Leave a Comment